
नई दिल्ली। प्रसिद्ध भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने सावन के पहले सोमवार के अवसर पर दिल्ली के असोला में स्थित प्राचीन शनिधाम मंदिर में पहुंचकर शनिधाम के संस्थापक परमहंस दाती महाराज के सान्निध्य में आयोजित सावन मास पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर अक्षरा सिंह की माताजी नीलिमा सिंह भी उनके साथ मौजूद रहीं। पूजा-अर्चना के बाद अक्षरा सिंह ने कहा कि भगवान शिव कष्टों का हरण करने वाले, महाकाल और समस्त सृष्टि के पालनहार हैं। सावन के महीने में उनकी पूजा का विशेष महत्व होता है, इसलिए वह इस पावन अवसर पर रुद्राभिषेक करने के लिए शनिधाम पहुंचीं।
उन्होंने कहा कि उनका दाती महाराज से विशेष लगाव है। उन्होंने स्वयं उनसे इस विशेष अनुष्ठान के आयोजन का आग्रह किया था और इसके लिए उन्होंने दाती महाराज का आभार भी व्यक्त किया।

वहीं, दाती महाराज ने अक्षरा सिंह को अपना आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा वे दिन-रात दोगुनी-चौगुनी तरक्की करें।
सावन के पहले सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण का अद्भुत संगम देखने को मिला।

