तेलंगाना के 43 सरकारी डिग्री कॉलेजों में छात्राओं के लिए करियर की तैयारी हेतु तीन वर्षीय कार्यक्रम ‘करियर रेडीनेस प्रोग्राम’ शुरू होगा

Uncategorized

तेलंगाना के कॉलेजिएट एजुकेशन कमिश्नरेट और लॉन्च गर्ल्स ने तीन वर्षीय कार्यक्रम के लिए साझेदारी की है। इस कार्यक्रम के तहत छात्राओं को कॉलेज के पहले वर्ष से लेकर ग्रेजुएशन पूरा करने तक और उसके बाद जॉब, एंटरप्रेन्योरशिप या हायर एजुकेशन की ओर बढ़ने तक हर चरण में आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया जाएगा।

हैदराबाद (तेलंगाना), 4 अगस्त, 2026: तेलंगाना सरकार के कॉलेजिएट एजुकेशन कमिश्नरेट ने लॉन्च गर्ल्स (Launch Girls) के साथ साझेदारी में राज्य के 43 सरकारी डिग्री और स्वायत्त (ऑटोनॉमस) कॉलेजों की छात्राओं के लिए तीन वर्षीय ‘करियर रेडीनेस प्रोग्राम’ शुरू किया है।

यह पहल शिक्षा और रोजगार के बीच मौजूद महत्वपूर्ण अंतर को कम करने की दिशा में एक अहम कदम है। हालांकि पहले की तुलना में अधिक युवा महिलाएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, लेकिन भारत में महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी अभी भी अपेक्षाकृत कम है। पीरियॉडिक लेबर फोर्स सर्वे (PLFS) की वार्षिक रिपोर्ट 2025 के अनुसार, वर्ष 2025 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की केवल 40 प्रतिशत महिलाएं ही श्रमबल का हिस्सा थीं, जबकि पुरुषों की भागीदारी 79.1 प्रतिशत रही।1

वर्ष 2026-27 से प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के साथ शुरू होने वाला यह कार्यक्रम उनकी नियमित पढ़ाई के साथ-साथ चलेगा। इसके माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद कौशल (कम्युनिकेशन), वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता तथा रणनीतिक सोच (स्ट्रैटेजिक थिंकिंग) जैसे आवश्यक कौशल विकसित किए जाएंगे, ताकि वे अपने करियर के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।

इस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ कॉलेजिएट एजुकेशन कमिश्नरेट के संयुक्त निदेशक प्रो. पी. बालाभास्कर, संयुक्त निदेशक राजेंद्र सिंह और अकादमिक मार्गदर्शन अधिकारी प्रो. वी. राजेंद्र प्रसाद की उपस्थिति में किया गया।

कॉलेजिएट एजुकेशन कमिश्नरेट की आयुक्त श्रीमती ए. श्रीदेवसेना, आईएएस ने कहा, “यह कार्यक्रम इस बात के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि छात्राएं कॉलेज से केवल डिग्री लेकर ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, आवश्यक कौशल और बेहतर अवसरों के साथ भी निकलें, ताकि वे आत्मनिर्भर और सार्थक भविष्य का निर्माण कर सकें। कॉलेज के पहले वर्ष से लेकर स्नातक तक उनका निरंतर मार्गदर्शन कर हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उच्च शिक्षा उन्हें कॉलेज के बाद की दुनिया और करियर की चुनौतियों के लिए भी पूरी तरह तैयार करे।”

लॉन्च गर्ल्स की सह-संस्थापक और सीईओ नेहा साहू ने कहा, “कई युवा महिलाओं के लिए कॉलेज जीवन अवसरों से भरा एक महत्वपूर्ण दौर होता है। लेकिन केवल डिग्री हासिल कर लेना हमेशा नौकरी, अपना व्यवसाय शुरू करने या भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले आत्मविश्वास के साथ लेने की गारंटी नहीं होता। इस साझेदारी के माध्यम से हमें छात्राओं के साथ उनके तीन महत्वपूर्ण शैक्षणिक वर्षों तक जुड़े रहने और उन्हें केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि सही दिशा, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और अपने भविष्य की स्पष्ट राह के साथ स्नातक बनाने का अवसर मिलेगा।”

यह कार्यक्रम और साझेदारी सरकारी कॉलेजों की शिक्षा व्यवस्था में करियर की तैयारी को शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, इसका उद्देश्य तेलंगाना की युवा महिलाओं को रोजगार, उद्यमिता और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों से जोड़ते हुए उनकी आर्थिक भागीदारी को मजबूत बनाना है।

1भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा प्रकाशित “पीरियॉडिक लेबर फोर्स सर्वे वार्षिक रिपोर्ट 2025′ के अनुसार

लॉन्च गर्ल्स के बारे में:

लॉन्च गर्ल्स (Launch Girls) दक्षिण एशिया और अफ्रीका में 14 से 24 वर्ष आयु की किशोरियों और युवा महिलाओं को शिक्षा से रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर सफलतापूर्वक आगे बढ़ने के लिए तैयार करता है। संस्था अपने उद्यमिता-आधारित शिक्षा कार्यक्रमों के माध्यम से, जो एमआईटी (MIT) और विश्व बैंक (World Bank) के शोध पर आधारित हैं, युवा महिलाओं में रोजगार के लिए आवश्यक कौशल, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और सहयोगी नेटवर्क विकसित करती है। इसका उद्देश्य वंचित समुदायों की युवा महिलाओं को रोजगार या उद्यमिता के अवसरों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। वर्ष 2020 से अब तक लॉन्च गर्ल्स 16 देशों में 26,000 से अधिक युवा महिलाओं तक अपनी पहल पहुंचा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *