श्री गणेश महोत्सव का भव्य समापन, विधि-विधान से हुआ बप्पा का विसर्जन।

Uncategorized

उत्तर-पूर्व दिल्ली:बुराड़ी, कमल विहार कमालपुर के सी-डी ब्लॉक, में श्री गणेश कल्याण समिति के तत्वाधान में आयोजित ग्यारह दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के विधि-विधानपूर्वक विसर्जन के साथ हुआ।

बप्पा की विदाई से पूर्व श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की तथा उन्हें भोग अर्पित किया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती की और गणपति बप्पा से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

समिति की ओर से इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। गणपति विसर्जन यात्रा में बच्चों, महिलाओं, किशोर-किशोरियों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भक्तिभाव से झूमते नजर आए और पूरे वातावरण में गणपति बप्पा के जयकारों से भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
भक्तिभाव से सराबोर कॉलोनीवासी भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ पैदल पूरे कॉलोनी का भ्रमण करते हुए विसर्जन स्थल, यमुना नदी के किनारे पहुंचे। वहां विधि-विधानपूर्वक पूजा एवं हवन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण वातावरण में “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया।
इस अवसर पर बाबा मुन्नालाल जी, योगेंद्र सिंह चौधरी, कुलदीप चौधरी, तरुण कोली, राहुल सिंह, विकास चौहान, अंकित तोमर, बिट्ट झा, विपुल गोला, देवेश चौधरी, भानु चौहान, सौरव प्रजापति, पूजा नागर, संदीप झा, कमल नेगी, अनुज नेगी, देवेश, सुनील रावत सहित कॉलोनी के अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ग्यारह दिवसीय इस महोत्सव के सफल आयोजन एवं भव्य समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं कॉलोनीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से श्री गणेश महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *