“नशा – नॉट कूल” – दिल्ली पुलिस का नशा विरोधी अभियान

नई दिल्ली :- "नशा – नॉट कूल" नामक चल रहे नशा विरोधी जागरूकता अभियान के तहत, दिल्ली पुलिस राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों के सक्रिय सहयोग से अपना अभियान लगातार बढ़ा रही है। ये स्वयंसेवक युवाओं के बीच अभियान का संदेश फैलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
छठे दिन, एनएसएस स्वयंसेवकों ने दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों में छात्रों को जोड़ने और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए। इन गतिविधियों में कॉलेज छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे अभियान का संदेश बड़े स्तर पर पहुंचा। स्वयंसेवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सक्रिय हैं। वे अपनी गतिविधियों के अपडेट साझा कर रहे हैं और अभियान के निर्धारित हैशटैग के तहत जानकारीपूर्ण व रचनात्मक कंटेंट बना रहे हैं, जिससे इसकी पहुंच और बढ़ रही है।
आज शैक्षणिक संस्थानों में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा की गई गतिविधियाँ श्री शरवन राम, क्षेत्रीय निदेशक, क्षेत्रीय एनएसएस निदेशालय, दिल्ली के सक्रिय सहयोग से संपन्न हुईं।

नशे के खिलाफ अभियान के निर्धारित हैशटैग का उपयोग कर जानकारीपूर्ण और शिक्षाप्रद पोस्ट बनाने व साझा करने में उत्कृष्ट योगदान के लिए निम्नलिखित स्वयंसेवकों को चुना गया है: बाबू राव रत्नेश, गोपी कुमार, हारून, यशिका शर्मा, शिफा रिज़वी, गुन ठाकुर, सुधांशु कुमार, अनिकेत राज, सबा निजामी, शेहरान खान, आमिर खान, शाकिब खान, अदिति सिंह, साहिल, मनशील शेहरावत, आदित्य कुमार पांडे, पलक कपूर, भारत और यिशु भास्कर। इन स्वयंसेवकों को कल उनके बहुमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

इस अभियान को विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों का समर्थन और सराहना मिल रही है। हाल ही में भारतीय फिल्म उद्योग से श्री श्रेयस तलपड़े का समर्थन प्राप्त हुआ है। अधिकतम पहुंच के लिए अभियान ने बहु-चैनल दृष्टिकोण अपनाया है, जिसमें स्कूल-कॉलेज कार्यक्रम, रेडियो जिंगल और सोशल मीडिया जुड़ाव शामिल हैं। जनसंपर्क वाहन भी ऑडियो-विजुअल सुविधाओं से लैस होकर शॉर्ट फिल्मों और इंटरैक्टिव कंटेंट के माध्यम से शहर भर में नशा विरोधी संदेश फैला रहा है।
दिल्ली पुलिस इस अभियान को सफल बनाने में निरंतर सहयोग और समर्थन के लिए दिल्ली के सभी निवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त करती है।

