
शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ पर चाँदनी चौक से सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने नई दिल्ली स्थित अपने निवास पर सपरिवार विधि-विधान से कलश स्थापना कर माँ दुर्गा के प्रथम स्वरूप माँ शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की तथा अखंड ज्योत प्रज्वलित की।
इस अवसर पर श्री खंडेलवाल ने माँ से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि बनाए रखने तथा देश में सकारात्मकता, सद्भाव और खुशहाली का संचार करने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का पावन पर्व है, जो हमें शक्ति, श्रद्धा, संयम और आत्मबल का संदेश देता है। माँ शैलपुत्री का स्वरूप दृढ़ता और संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दूसरे दिन माँ दुर्गा के द्वितीय स्वरूप माँ ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाएगी, जो तपस्या, त्याग, धैर्य और संयम की प्रतीक हैं। माँ की आराधना हमें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
श्री खंडेलवाल ने सभी देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए माँ दुर्गा से प्रत्येक परिवार के कल्याण और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की।

