
मथुरा: वृंदावन बागेश्वर धाम की पावन भूमि पर 21 अक्टूबर को सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और युवा शक्ति का एक ऐतिहासिक संगम देखने को मिला। पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज के पावन सान्निध्य में ‘भारतीय सनातनी युवा शक्ति कॉन्क्लेव एंड अवॉर्ड्स 2026’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय मंच पर देशभर के विभिन्न राज्यों से आए 150 से अधिक प्रमुख सनातनी इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल क्रिएटर्स और युवा प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन को मूर्त रूप देने में ‘मां सीता रसोई’ की अध्यक्ष एवं ‘पंजाब रत्न’ सम्मानित समाजसेवी मनप्रीत कौर की अत्यंत महत्वपूर्ण और मुख्य भूमिका रही।
मनप्रीत कौर ने देशभर से सनातनी इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल क्रिएटर्स को एक मंच पर लाने, उन्हें बागेश्वर धाम में आमंत्रित करने तथा पूज्य गुरुदेव के आशीर्वाद से जोड़ने की दूरदर्शी पहल की।
मनप्रीत कौर लंबे समय से विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से सनातनी युवाओं और डिजिटल मीडिया क्रिएटर्स को सशक्त बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं।
उनके इसी निरंतर प्रयास का प्रतिफल रहा कि ‘भारतीय सनातनी युवा शक्ति कॉन्क्लेव’ एक विशाल राष्ट्रीय मंच के रूप में उभरकर सामने आया। सनातनी युवा शक्ति को संगठित और एकजुट करने की दिशा में उनके इस योगदान की चौतरफा सराहना की जा रही है।
कॉन्क्लेव का शुभारंभ पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज द्वारा दीप प्रज्वलन और गुरुकुल के बटुक आचार्यों द्वारा स्वस्ति वाचन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान पूज्य गुरुदेव ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण और धर्म रक्षा के लिए प्रेरित करते हुए ‘नाम जप क्रांति’ का भव्य उद्घोष किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में युवा शक्ति न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि वह भारतीय संस्कृति, सनातन विचार और राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त आवाज बन सकती है।
मुख्य कार्यक्रम से पूर्व बागेश्वर धाम पहुंचे सभी क्रिएटर्स का एक दिन पहले ही आगमन हो चुका था। धाम प्रबंधन और आयोजकों द्वारा उनके ठहरने, भोजन एवं स्थानीय भ्रमण की अनुशासित व्यवस्था की गई। इस दौरान प्रतिनिधियों ने धाम के विभिन्न प्रकल्पों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया निरंतर चल रहे विशाल भंडारे और निःशुल्क भोजन व्यवस्था का अवलोकन किया।
आचार्यों के मार्गदर्शन में वेद, शास्त्र, पुराण एवं संस्कार आधारित शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की अध्ययन प्रणाली की सराहना की। गौवंश के रखरखाव, आहार तथा बीमार गायों के निःशुल्क चिकित्सा प्रबंधों की जानकारी ली।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा भूमि पूजन किए जा चुके निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल का जायजा लिया। ऑन-साइट इंजीनियर्स और तकनीकी टीम से बात कर परियोजना की प्रगति जानी और गुरुदेव के इस लोक-कल्याणकारी संकल्प में पूर्ण सहयोग का संकल्प दोहराया।
कॉन्क्लेव का मुख्य आकर्षण सनातन धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति का डिजिटल माध्यमों (इंस्टाग्राम, यूट्यूब आदि) पर प्रचार-प्रसार करने वाले 150 से अधिक इन्फ्लुएंसर्स और क्रिएटर्स का सम्मान समारोह रहा। लाखों फॉलोअर्स वाले इन प्रमुख क्रिएटर्स को पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज ने अपने करकमलों से सम्मानित कर आशीर्वाद प्रदान किया।
वक्ताओं ने Gen-Z और Gen-Alpha पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने में डिजिटल मीडिया की भूमिका पर विचार रखे।
सम्मानित क्रिएटर्स ने अपने अनुभवों को सोशल मीडिया पर साझा किया जिससे इस कार्यक्रम का संदेश वैश्विक स्तर पर करोड़ों युवाओं तक पहुंचा सनातन हमारी जड़ है, अपनी जड़ों को मजबूत करना हमारी जिम्मेदारी है।
आयोजकों के अनुसार, पूज्य गुरुदेव के मार्गदर्शन और मां सीता रसोई की अध्यक्ष मनप्रीत कौर जैसी प्रबुद्ध हस्तियों के सहयोग से आने वाले समय में देश के अन्य प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों पर भी सनातनी युवा शक्ति और डिजिटल क्रिएटर्स को जोड़ने वाली आयोजनों की यह श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी।

