कैट और नैसकॉम के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर, देशभर के व्यापारियों को एआई, साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल मार्केटिंग का मिलेगा प्रशिक्षण

Uncategorized

देश के व्यापारियों के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल

*देश के व्यापारिक समुदाय को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक पहल करते हुए *कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट)* एवं *नैसकॉम * के बीच “Tech Connect for Traders & MSMEs – Accelerating Digital Transformation” कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य देशभर के करोड़ों व्यापारियों एवं एमएसएमई उद्यमियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा तथा डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर उन्हें भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करना है।

यह ऐतिहासिक कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में चांदनी चौक के सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीन खंडेलवाल तथा नैसकॉम के अध्यक्ष श्री राजेश नांबियार सहित उद्योग एवं व्यापार जगत के अनेक प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने व्यापारियों के हित में कैट द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह समझौता देश के छोटे व्यापारियों और एमएसएमई क्षेत्र के लिए परिवर्तनकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में डिजिटल तकनीकों को अपनाना केवल विकल्प नहीं बल्कि आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से छोटे व्यापारी तकनीक का प्रभावी उपयोग कर अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकेंगे, नई बाजार संभावनाओं तक पहुँच बनाएंगे तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भी अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेंगे।

श्री प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने अभियानों एवं विभिन्न संबोधनों में निरंतर डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, नवाचार तथा तकनीक आधारित विकास पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए यह पहल व्यापारियों को विशेष रूप से तीन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सक्षम बनाएगी जिससे दैनिक व्यापारिक गतिविधियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का व्यावहारिक उपयोग,

  • साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव,, तथा डिजिटल मार्केटिंग एवं ऑनलाइन व्यापार विस्तार की बड़े रास्ते खुलेंगे ।

इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर व्यापारी अपने कारोबार की उत्पादकता बढ़ा सकेंगे, ग्राहकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुँच पाएंगे तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के माध्यम से अपने व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकेंगे।

अपने संबोधन में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि बदलते समय के साथ व्यापारियों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि आज का उपभोक्ता तेजी से डिजिटल माध्यमों की ओर बढ़ रहा है और यदि व्यापारी समय रहते नई तकनीकों को नहीं अपनाएंगे तो वे प्रतिस्पर्धा में पीछे रह सकते हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल अवसरों के साथ-साथ साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के खतरे भी बढ़े हैं। इसलिए व्यापारियों को तकनीक अपनाने के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी पूरी तरह जागरूक होना होगा। श्री खंडेलवाल ने कहा कि कैट और नैसकॉम की यह संयुक्त पहल देशभर के व्यापारियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगी, उनके व्यापार को नई दिशा देगी तथा उन्हें डिजिटल अर्थव्यवस्था का सशक्त भागीदार बनाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान देश के प्रत्येक राज्य और प्रत्येक व्यापारिक संगठन तक पहुँचाया जाएगा ताकि छोटे से छोटे व्यापारी भी इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

नैसकॉम के अध्यक्ष श्री राजेश नांबियार ने कहा कि भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था की वास्तविक शक्ति तभी बढ़ेगी जब देश का विशाल व्यापारिक समुदाय तकनीक को आत्मसात करेगा। उन्होंने कहा कि नैसकॉम इस साझेदारी के माध्यम से व्यापारियों को विश्वस्तरीय डिजिटल कौशल, एआई आधारित समाधान, साइबर सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण तथा आधुनिक डिजिटल व्यवसाय मॉडल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य केवल बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं है बल्कि छोटे व्यापारियों को अधिक प्रतिस्पर्धी, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना भी है।

कैट ने कहा कि यह समझौता देश के व्यापारिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा और आने वाले समय में लाखों व्यापारी डिजिटल कौशल प्राप्त कर अपने व्यवसाय को नई गति देंगे। यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत 2047 तथा मेक इन इंडिया के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *