
IRS संजीव ऋषि दूसरे और कर्नल संजय चतुर्वेदी तीसरे स्थान पर रहे; जस्टिस सुधीर अग्रवाल ने अधिकारियों की गायन प्रतिभा की सराहना की, पर्यावरण संरक्षण के संदेश को बताया महत्वपूर्ण
नई दिल्ली। अमावस्या फाउंडेशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने और अधिकारियों की छिपी संगीत प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित ‘ऑफिसर्स वॉइस 2026’ का ग्रैंड फिनाले 13 नवंबर को CSOI ऑडिटोरियम, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में DANICS अधिकारी अभिषेक व्यास प्रथम, IRS अधिकारी संजीव ऋषि द्वितीय और कर्नल संजय चतुर्वेदी तृतीय स्थान पर रहे।

फाइनल में विभिन्न विभागों के 12 अधिकारियों ने हिस्सा लिया, जिनमें दिल्ली पुलिस के चार इंस्पेक्टर इंद्रपाल सिंह, दिनेश आर्य, राम मनोहर और योगेश राज भी शामिल थे। निर्णायक मंडल ने पांच प्रतिभागियों को दूसरे राउंड में दोबारा सुनने के बाद विजेताओं का चयन किया।

जस्टिस सुधीर अग्रवाल एवं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष मुनावरी बेगम ने विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जस्टिस सुधीर अग्रवाल ने कहा कि प्रथम और द्वितीय स्थान के बीच महज डेढ़ नंबर का अंतर रहा। अधिकारियों की गायन प्रतिभा किसी भी प्रोफेशनल गायक कलाकार से कम नहीं है। सभी प्रतिभागियों ने अपनी अलग-अलग प्रस्तुतियों से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि संगीत जैसे प्रभावशाली माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाना एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र सागर ने गायन तथा डिप्टी सेक्रेटरी हेल्थ शरद कुमार ने माउथ ऑर्गन पर विशेष प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। जूरी में IAS रणजीत सिंह, विजय सिंह, डॉ. अत्यनंद, सुप्रसिद्ध गायक शंकर साहनी और निशी सिंह शामिल रहे।

अमावस्या फाउंडेशन के संस्थापक-अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार राजीव निशाना ने कहा कि ऑफिसर्स वॉइस का उद्देश्य अधिकारियों की छिपी प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ संगीत के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी प्रस्तुतियों के जरिए समाज को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने और प्रकृति की रक्षा करने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, जूरी सदस्यों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

