जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठी दिल्ली, भव्य रथयात्रा का धर्मसभा के साथ समापन

Uncategorized

11 हजार गुब्बारों ने आसमान में बिखेरे रंग, जगह-जगह श्रद्धालुओं ने किया रथयात्रा का भव्य स्वागत, बांटी मिठाइयां

नई दिल्ली, 14 नवंबर। भगवान जगन्नाथ, श्रीकृष्ण और बलराम के जयकारों से शनिवार को राजधानी दिल्ली का माहौल भक्तिमय हो उठा। इस्कॉन, दिल्ली की ओर से निकाली गई भगवान कृष्ण-बलराम की 50वीं भव्य रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया। लालकिला मैदान से दोपहर 12 बजे शुरू हुई रथयात्रा का जगह-जगह भक्तों और स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा, आरती और मिठाइयां बांटकर भव्य स्वागत किया। देर शाम रथयात्रा के समापन के बाद आयोजित धर्मसभा में भगवान श्रीकृष्ण के संदेश, प्रेम, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का महत्व बताया गया।

रथयात्रा के दौरान पूरा मार्ग हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन, भजन और ढोल-मंजीरों की धुन से गूंजता रहा। श्रद्धालु नाचते-गाते भगवान के रथ के साथ आगे बढ़ते नजर आए। आयोजन को खास बनाने के लिए 11 हजार गुब्बारे आसमान में छोड़े गए, जिसने वातावरण को और आकर्षक बना दिया। भगवान कृष्ण-बलराम को छप्पन भोग अर्पित किया गया और 108 आरती के आयोजन ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई।

लालकिला मैदान से शुरू हुई रथयात्रा दरियागंज, दिल्ली गेट, आसफ अली रोड, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, खारी बावली और फतेहपुरी होते हुए चांदनी चौक के टाउन हॉल पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस लालकिला मैदान पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं, प्रसाद और मिठाइयों के साथ भगवान के रथ का स्वागत किया। कई जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी और संकीर्तन में शामिल होकर अपनी आस्था प्रकट की।

रथयात्रा में सजीव झांकियां, फूलों से सजा रथ और देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र रहे। छह घंटे तक चले संकीर्तन में भक्तों ने हरे कृष्ण महामंत्र का जाप करते हुए भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

देर शाम लालकिला मैदान में रथयात्रा का समापन धर्मसभा के साथ हुआ। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और संध्या भजन का आयोजन किया गया। धर्मसभा में वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संदेश केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने का मार्ग दिखाता है। आयोजन का उद्देश्य भगवान जगन्नाथ और श्रीकृष्ण की भक्ति को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *