
रोजाना 50 किलोमीटर दौड़कर दे रहे स्वस्थ जीवनशैली और मोटे अनाज अपनाने का संदेश, पद्मश्री डॉ. खादर वली के मिलेट प्रोटोकॉल के प्रति जागरूकता फैलाना अभियान का उद्देश्य
नई दिल्ली। कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश को फिटनेस और पारंपरिक पोषण का संदेश देने निकले अल्ट्रा-मैराथन धावक एवं 2006 हांगकांग ओपन कराटे चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता के. रवि कुमार दिल्ली पहुंच गए हैं।

श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक से 27 अक्टूबर को शुरू हुई उनकी ‘कश्मीर से कन्याकुमारी मिलेट रन’ का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ पारंपरिक मोटे अनाज के पोषण महत्व के प्रति जागरूक करना है।
इस राष्ट्रीय अभियान के तहत रवि कुमार प्रतिदिन औसतन 50 किलोमीटर दौड़ लगाते हुए देश के विभिन्न शहरों और कस्बों से गुजर रहे हैं। इस दौरान वे विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों से संवाद कर फिटनेस, संतुलित खानपान और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूकता फैला रहे हैं।

अभियान का प्रमुख उद्देश्य पद्मश्री से सम्मानित और ‘भारत के मिलेट मैन’ के नाम से पहचान रखने वाले डॉ. खादर वली के मिलेट प्रोटोकॉल का प्रचार-प्रसार करना भी है। यह प्रोटोकॉल ज्वार, बाजरा, रागी सहित पारंपरिक मोटे अनाजों को दैनिक भोजन में शामिल करने पर जोर देता है। रवि कुमार का कहना है कि बदलती जीवनशैली के बीच लोगों को अपने पारंपरिक खानपान और शारीरिक सक्रियता की ओर लौटने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक की यह यात्रा केवल दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की पहल है। मोटे अनाज पोषक तत्वों और रेशे से भरपूर होने के साथ कम संसाधनों में उगाए जा सकते हैं। ऐसे में इन्हें भोजन का हिस्सा बनाने से बेहतर पोषण और टिकाऊ कृषि को भी बढ़ावा मिल सकता है।
रवि कुमार ने स्थानीय नागरिकों, धावकों, फिटनेस प्रेमियों, शिक्षण संस्थानों और स्वास्थ्य संगठनों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है।

