
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म में विशेष संवाद सत्र एवं पॉडकास्ट स्टूडियो का उद्घाटन
आरजे दिव्या, विभा सिंह और पवन कुमार ने विद्यार्थियों से साझा किए पत्रकारिता के अनुभव, करियर के अवसर और व्यावहारिक सुझाव
नई दिल्ली, 16 नवंबर 2026: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म (DSJ), दिल्ली विश्वविद्यालय में एक विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया। दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म और हंसराज महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, प्रेस की सामाजिक जिम्मेदारी, पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों, कहानी कहने की कला तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से उत्पन्न चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस अवसर पर दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के पॉडकास्ट स्टूडियो का भी उद्घाटन किया गया। यह पहल विद्यार्थियों को व्यावहारिक मीडिया प्रशिक्षण, ऑडियो स्टोरीटेलिंग और डिजिटल मीडिया के नए स्वरूपों से परिचित कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म की निदेशक एवं हंसराज महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रमा ने भारतीय पत्रकारिता के ऐतिहासिक विकास और उसके वर्तमान स्वरूप पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से होते हुए सोशल मीडिया के दौर तक एक लंबा सफर तय किया है, लेकिन माध्यम बदलने के बावजूद पत्रकारिता के मूल मूल्य और सामाजिक जिम्मेदारी आज भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि एक अच्छे पत्रकार के लिए धैर्य, समाज का सूक्ष्म अवलोकन, संवेदनशीलता, पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों की समझ और आलोचनात्मक दृष्टि बेहद आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के छात्र विशेष प्रतिभा और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हैं। उनमें हर चुनौती का सामना करने और उसे गरिमा के साथ स्वीकार करने की क्षमता है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से मिलकर दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म को एक विशिष्ट पहचान वाला संस्थान बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

प्रो. रमा ने कहा, “दुःख इंसान को मांजता है और संघर्ष पत्रकारिता को निखारता है।” उन्होंने विद्यार्थियों को चुनौतियों से सीखने, निरंतर अभ्यास करने और अपने पेशेवर जीवन में नैतिकता एवं विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं अपनी पहचान बनाने का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लिए स्वयं सूर्य बनना होगा, ताकि वह अपने प्रकाश से दुनिया को भी रोशन कर सके। विद्यार्थियों को अपनी विशिष्ट पहचान और छवि स्वयं निर्मित करनी चाहिए, जो उनके ज्ञान, कार्य, व्यवहार और पेशेवर प्रतिबद्धता से स्थापित हो।
कार्यक्रम की विशेष वक्ता और रेडियो सिटी की आरजे दिव्या ने ‘The Art of Storytelling in the Times of AI’ विषय पर अपने विचार साझा किए। दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के प्रथम बैच की शिक्षिका रह चुकीं दिव्या ने संस्थान में अपनी वापसी को ‘घर वापसी’ जैसा अनुभव बताया। उन्होंने अपने पेशेवर सफर के अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को कहानी कहने की कला, व्यक्तिगत अभिव्यक्ति और मीडिया के बदलते स्वरूप से परिचित कराया।
उन्होंने कहा, “Content is not about creating, it is about connecting.” उनके अनुसार, हर व्यक्ति अपने भीतर अनेक कहानियां समेटे हुए है। एक इंसान के रूप में हम सभी कहानियां जीते हैं और उन्हें अभिव्यक्त करते हैं। आरजे होना केवल उन कहानियों को लोगों तक पहुंचाने का एक माध्यम है।
AI की बढ़ती भूमिका पर चर्चा करते हुए उन्होंने इसके उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया और बताया कि किस प्रकार AI हमारे दिए गए इनपुट के आधार पर सामग्री तैयार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि तकनीक एक चुनौती अवश्य है, लेकिन उससे प्रतिस्पर्धा करने के बजाय उसे समझना और रचनात्मक ढंग से उपयोग करना सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि रील्स के बढ़ते चलन ने कंटेंट में विस्तार और बारीकी की जगह कम की है, लेकिन किसी भी व्यक्ति की मौलिकता और उसकी व्यक्तिगत पहचान को तकनीक प्रतिस्थापित नहीं कर सकती।
दिव्या ने विद्यार्थियों से अपने सपनों को प्राथमिकता देने और आर्थिक सफलता के साथ-साथ अपने जुनून को भी जीवित रखने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कविता और कहानियों के माध्यम से स्वयं को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया तथा नियमित लेखन और रचनात्मक अभ्यास जारी रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम की एक अन्य वक्ता News18 India की सब-एडिटर एवं दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के प्रथम बैच की पूर्व छात्रा विभा सिंह ने भी संस्थान में वापसी को अपने लिए घर लौटने जैसा अनुभव बताया। उन्होंने विद्यार्थी जीवन की अपनी यादें साझा करते हुए कक्षाओं और उस दौरान हुए छात्र आंदोलनों का भी उल्लेख किया।
अपने पेशेवर सफर पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनकी रुचि राजनीतिक पत्रकारिता में थी, लेकिन संगठन की आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें एंटरटेनमेंट बीट से अपने करियर की शुरुआत करनी पड़ी। इस अनुभव के आधार पर उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि पत्रकारिता में किसी एक क्षेत्र तक स्वयं को सीमित न रखें और विभिन्न बीट्स में काम करने के लिए तैयार रहें।
विभा सिंह ने कहा कि खबर सबसे पहले देने की होड़ में पत्रकारिता में सटीकता और विश्वसनीयता से समझौता होने का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “हम सबसे पहले खबर देने की दौड़ में उसकी सटीकता खोते जा रहे हैं और पत्रकारिता की विश्वसनीयता दांव पर है।” उन्होंने संपादकीय नीतियों को समझने, तथ्यों की पुष्टि करने और संस्थागत कार्यप्रणाली के अनुरूप काम करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक अनुकूलनशील बनने, समाज और घटनाओं का गहराई से अवलोकन करने तथा किसी भी परिस्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का क्षेत्र केवल एंकरिंग तक सीमित नहीं है। समाचार लेखन, संपादन, राजनीतिक एवं सामाजिक रिपोर्टिंग, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया सहित अनेक क्षेत्रों में विद्यार्थियों के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में टाइम्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया एजुकेशन (T.I.M.E.) के संकाय सदस्य श्री पवन कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को एक प्रभावी रिज्यूमे तैयार करने के व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार एक सुव्यवस्थित, स्पष्ट और प्रभावशाली रिज्यूमे संभावित नियोक्ताओं के सामने उम्मीदवार की क्षमताओं, कौशल और अनुभव को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने रिज्यूमे को करियर के लक्ष्यों के अनुरूप तैयार करने तथा रोजगार के अवसरों के अनुसार अपनी योग्यताओं और व्यावसायिक दक्षताओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सलाह दी।
समापन सत्र में दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के उपनिदेशक प्रो. संजय सिंह बघेल ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए चार महत्वपूर्ण सिद्धांतों—Discipline, Design, Description और Dedication (4Ds)—को अपने जीवन और पेशेवर कार्यशैली का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहना चाहिए और नए विचारों एवं दृष्टिकोणों के प्रति हमेशा खुला रहना चाहिए।
AI और मानवीय रचनात्मकता के संबंध में उन्होंने कहा कि मानवीय भावनाओं का स्थान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कभी नहीं ले सकता। महसूस करने, समझने और संवेदनशीलता के साथ भावनाओं को अभिव्यक्त करने की क्षमता मनुष्य की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि संचार और कहानी कहने की प्रक्रिया में मानवीय संवेदनाएं हमेशा महत्वपूर्ण बनी रहेंगी।
प्रो. बघेल ने आरजे दिव्या और विभा सिंह का दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव और विचार साझा करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अकादमिक अध्ययन और मीडिया उद्योग के व्यावहारिक अनुभवों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। पॉडकास्ट स्टूडियो का उद्घाटन संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को नए मीडिया माध्यमों के साथ प्रयोग करने, रचनात्मक अभिव्यक्ति विकसित करने और बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप व्यावहारिक कौशल प्रदान करने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस का यह आयोजन निरंतर सीखने, मौलिकता, पेशेवर नैतिकता और पत्रकारिता के मानवीय मूल्यों को बनाए रखने के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

