ग्रीन कैंपस के लिए आईआईएम बेंगलुरु ने बनाया नया कीर्तिमान

Uncategorized


नई दिल्ली 16 नवंबर 2026: भारतीय प्रबंधन संस्थान बेंगलुरु ने पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान को इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल की ग्रीन कैंपस रेटिंग प्रणाली संस्करण 1.0 के तहत प्रतिष्ठित प्लेटिनम प्रमाणन प्रदान किया गया है। इसके साथ ही आईआईएम बेंगलुरु यह सम्मान हासिल करने वाला देश का पहला शैक्षणिक संस्थान बन गया है। यह प्रमाणन ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, कचरा प्रबंधन, परिसर में रहने और काम करने वालों के स्वास्थ्य तथा संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग के क्षेत्र में संस्थान के समग्र प्रयासों को मान्यता देता है। प्रसिद्ध वास्तुकार और प्रित्जकर पुरस्कार विजेता डॉ. बी.वी. दोषी द्वारा डिजाइन किया गया आईआईएम बेंगलुरु का परिसर अपनी पर्यावरण अनुकूल वास्तुकला के लिए जाना जाता है। परिसर में खुले आंगन, छायादार गलियारे और प्राकृतिक रोशनी एवं हवा की बेहतर व्यवस्था है, जिससे कृत्रिम रोशनी और शीतलन पर निर्भरता कम होती है। यहां मौजूद हरित क्षेत्र जैव विविधता को भी बढ़ावा देते हैं। आईआईएम बेंगलुरु देश के उन चुनिंदा पांच परिसरों में शामिल हो गया है, जिन्हें इस रेटिंग प्रणाली के तहत प्लेटिनम प्रमाणन मिला है। इनमें ओडिशा लोक भवन, एसपी इन्फोसिटी पुणे, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का फरीदाबाद परिसर और शिंडलर का पुणे परिसर शामिल हैं।जल संरक्षण के तहत संस्थान ने वर्षा जल संचयन, जल भंडारण और भूजल पुनर्भरण की व्यवस्था विकसित की है। परिसर में प्रतिदिन 500 किलोलीटर क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट संचालित है, जो पूरे परिसर के अपशिष्ट जल का शोधन करता है। उपचारित पानी का दोबारा उपयोग शौचालयों और बागवानी में किया जाता है। नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए परिसर में 350 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पैनल लगाए गए हैं। अतिरिक्त 150 किलोवाट क्षमता स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक बस और छोटी इलेक्ट्रिक गाड़ियों के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है। संस्थान में कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, जैविक कचरे का परिसर में उपचार और सूखे कचरे का पुनर्चक्रण किया जाता है। साथ ही, कक्षाओं में हवा की गुणवत्ता की निगरानी भी की जाती है।आईआईएम बेंगलुरु ने कार्बन उत्सर्जन का आकलन कर नेट जीरो लक्ष्य की दिशा में अल्पकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की हैं। यह प्रमाणन पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *