
भक्ति और मानव सेवा का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला, जब श्री खाटू श्याम बाबा के संकीर्तन में श्रद्धालुओं ने भजनों के साथ रक्तदान करके मानवता की सेवा का संदेश दिया। ‘रक्तदान गाँव की ओर’ मुहिम के अंतर्गत पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज ने श्री श्याम परिवार सेवा समिति के सहयोग से श्री राधे वाटिका, तिगाँव में आयोजित आठवें श्री खाटू श्याम बाबा संकीर्तन के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में 28 भक्तजनों ने रक्तदान किया, जिनमें 5 लोगों ने पहली बार रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

शिविर का संयोजन श्री श्याम परिवार सेवा समिति के संयोजक हंसराज वर्मा, पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के मुख्य संयोजक आर्यवीर लॉयन डॉ. विकास मित्तल एवं अल्पना मित्तल ने किया। शिविर का शुभारंभ तिगाँव के सरपंच विक्रम प्रताप नागर, समाजसेवी रोहित नागर, निन्दर अधाना( प्रधान), गौरव नागर,
स्वर्णकार समाज के प्रधान सचिन वर्मा ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि रक्तदान जनहित एवं राष्ट्रहित में किया जाने वाला एक महान कार्य है। प्रत्येक स्वस्थ युवा को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। एक यूनिट रक्त से तीन जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में मदद मिल सकती है।

डॉ. विकास मित्तल एवं अल्पना मित्तल ने कहा कि कमाए हुए धन का दान करने में व्यक्ति एक बार संकोच कर सकता है, लेकिन रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान ऐसे महादान हैं, जिनसे किसी जरूरतमंद को नया जीवन और किसी के जीवन में नई रोशनी मिल सकती है। समाज के सभी वर्गों को इन मानवीय कार्यों के प्रति जागरूक होकर आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक सेवा और जनकल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना क्लब का निरंतर प्रयास है।
शिविर को सफलतापूर्वक संचालित करने में अनुप शर्मा, हंसराज वर्मा, अरविन्द शर्मा, राहुल, राम अवतार शर्मा, राज मिश्रा, मोहित वर्मा, मनीष वर्मा, मयंक सोनी, पुनीत वर्मा, कशिश वर्मा, डॉ. नरेश डागर, नेपाल सिंह, संजीव, दीपक, पवन सहित अनेक सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

