
— माउंट आबू में आयोजित होगी राष्ट्रीय स्तर की माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता, साइक्लिंग अकादमी स्थापना के होंगे प्रयास
सिरोही। जिला साइक्लिंग संघ, सिरोही की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए आयोजित आमसभा एवं निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध संपन्न हुई। स्थानीय होटल में आयोजित इस चुनाव में वर्ष 2026–2030 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने किया, जबकि राजस्थान साइक्लिंग संघ की ओर से नियुक्त ऑब्जर्वर ओ.पी. विश्वकर्मा ने संपूर्ण प्रक्रिया का पर्यवेक्षण किया।
निर्वाचन के दौरान जिला ओलम्पिक संघ के प्रतिनिधि, कार्यकारी समिति के संयोजक एवं जिला खेल अधिकारी श्याम लाल बुनकर सहित संबद्ध क्लबों के अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आमसभा में संगठन के विभिन्न विषयों पर चर्चा के बाद नई कार्यकारिणी का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ।
निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत अध्यक्ष पद पर अश्विनी धनावत, सचिव पद पर अधिवक्ता रितेश शर्मा, संयुक्त सचिव पद पर राहुल त्रिपाठी एवं पूरन सेन, कोषाध्यक्ष पद पर संजय पटेल तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रवीण सेन एवं अरविन्द सिंह के निर्वाचित होने की घोषणा की।

नवनिर्वाचित सचिव रितेश शर्मा ने सभी संबद्ध क्लबों, प्रतिनिधियों एवं साइक्लिंग परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी टीम भावना, पारदर्शिता एवं खेल भावना के साथ कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि संघ की प्राथमिकता जिले में साइक्लिंग को गांव-गांव तक पहुंचाना, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित करना तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहेगा।
उन्होंने कहा कि सिरोही में माउंटेन बाइकिंग साइक्लिंग अकादमी की स्थापना के लिए पुनः गंभीर प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए राजस्थान साइक्लिंग संघ एवं खेल विभाग के सहयोग से आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शासन स्तर पर पहल की जाएगी। साथ ही वर्ष 2026–27 के वार्षिक खेल कैलेंडर की भी घोषणा की गई।
कार्यकारिणी सदस्य अरविन्द सिंह ने बताया कि इस वर्ष माउंट आबू में माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले के साथ-साथ देशभर के खिलाड़ियों को आमंत्रित किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा सिरोही साहसिक खेलों एवं माउंटेन बाइकिंग के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
जिला खेल अधिकारी श्याम लाल बुनकर ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम जिले में साइक्लिंग खेल के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण तथा खेल गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि खेल विभाग खिलाड़ियों के हित में तथा प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ जिले में साइक्लिंग गतिविधियों को अधिक संगठित, सक्रिय एवं प्रभावी रूप से संचालित किए जाने की उम्मीद व्यक्त की गई।

