
नई दिल्ली :दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के समापन समारोह की अध्यक्षता की। 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के भव्य समापन समारोह का आयोजन 2 अगस्त 2026 (रविवार) को दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि, शिक्षा एवं खेल मंत्री श्री आशीष सूद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के शिक्षा एवं खेल मंत्री श्री आशीष सूद ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व एवं स्पष्ट खेल दृष्टि के कारण ही दिल्ली को 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल राजधानी की संगठनात्मक क्षमता का परिचायक है, बल्कि हजारों युवाओं और विद्यार्थियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने वाला एक ऐतिहासिक अवसर भी है।
उन्होंने भारतीय टीम को पुरुष एवं महिला दोनों टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया है। साथ ही उन्होंने मलेशिया, सिंगापुर, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया सहित सभी सहभागी देशों के खिलाड़ियों की खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी सराहना की।

श्री सूद ने कहा कि इस चैंपियनशिप में 25 कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और पूरे सप्ताह खेलों के माध्यम से यह संदेश दिया कि भौगोलिक सीमाएँ भले ही देशों को अलग करती हों, लेकिन खेल पूरी दुनिया को एक सूत्र में बांधते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने केवल पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा नहीं की, बल्कि मित्रता, पारस्परिक सम्मान और वैश्विक एकता के सच्चे दूत बनकर उभरे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली को केवल देश की राजनीतिक राजधानी ही नहीं, बल्कि भारत की खेल राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन राजधानी के युवाओं को विश्वस्तरीय खिलाड़ियों से सीखने, खेलों के प्रति रुचि विकसित करने और भविष्य में देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतने की प्रेरणा प्रदान करेंगे।
श्री सूद ने कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, आयोजन समिति, तकनीकी अधिकारियों, कोचों, स्वयंसेवकों तथा सभी सहभागी देशों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस चैंपियनशिप की विरासत देश में खेल संस्कृति को और सशक्त करेगी तथा आने वाले वर्षों में भारत को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और अधिक सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

