रक्तदान से जीवन बचाने का संकल्प, 15 ने किया महादान, 241 की हुई स्वास्थ्य जांच

Uncategorized

पलवल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पलवल डोनर्स क्लब ‘ज्योतिपुंज’ एवं सेराजेम परिवार पलवल के संयुक्त तत्वावधान में भूमि स्पाइन थेरेपी सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। मैक्स अस्पताल, साकेत, नई दिल्ली एवं कृपा आई सेंटर, पलवल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 15 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जबकि 241 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविर का संयोजन पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के मुख्य संयोजक डॉ. विकास मित्तल, भूमि स्पाइन थेरेपी सेंटर के संचालक रोहित तथा क्लब की सह-संयोजक अल्पना मित्तल ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेराजेम के एरिया मैनेजर अनिल, महेश, रोहित, मोनिका, सुमित एवं करतार ने किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और स्वस्थ लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान एक महादान है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने में मदद मिलती है। एक यूनिट रक्त से तीन जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में सहायता मिल सकती है।

शिविर संयोजक डॉ. विकास मित्तल एवं अल्पना मित्तल ने बताया कि शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आकिब खान और नेत्र रोग विशेषज्ञ सृष्टि श्री ने स्वास्थ्य जांच में सहयोग किया। शिविर के दौरान स्कूल के बच्चों एवं उनके अभिभावकों सहित कुल 241 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं युवतियों के हीमोग्लोबिन की जांच भी की गई, ताकि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें।

डॉ. विकास मित्तल एवं अल्पना मित्तल ने कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। धन का दान करने में व्यक्ति कभी-कभी संकोच कर सकता है, लेकिन रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान ऐसे पुनीत कार्य हैं, जिनसे किसी जरूरतमंद को नया जीवन और नई रोशनी मिल सकती है। समाज के सभी वर्गों को इन कार्यों के प्रति जागरूक होकर आगे आना चाहिए।

भूमि स्पाइन थेरेपी सेंटर के संचालक रोहित ने आयोजन में सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं, चिकित्सकों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सेंटर में इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

शिविर को सफल बनाने में डॉ. नरेश डागर, नेपाल सिंह, संजू, पायल, सुधा, पलक, पूजा, मोहन, विनेश, भावना, त्रिलोक, निपेन्द्र, सोनिया, आकाश, संदीप, भाग्यश्री, तियाल, खुशबू, संजीव, कमलेश, रेणु सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *