नेत्रदान के संकल्प को सलाम, स्व. वेद प्रकाश मंगला का परिवार सम्मानित

Uncategorized

“केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने भेंट किया सम्मान पत्र, श्रद्धांजलि सभा में उमड़े हजारों लोग”

पलवल के पूर्व विधायक एवं हरियाणा भाजपा के उपाध्यक्ष दीपक मंगला के पिता स्व. वेद प्रकाश मंगला के नेत्रदान के संकल्प के लिए उनके परिवार को सम्मानित किया गया। बाबा फार्म हाउस पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने परिवार को सम्मान पत्र भेंट किया। इस दौरान हजारों लोगों ने स्व. वेद प्रकाश मंगला को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान को याद किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि नेत्रदान महादान है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो लोगों को दृष्टि मिलने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में भी मंगला परिवार ने नेत्रदान का संकल्प लेकर मानवता की मिसाल पेश की है। यह पहल समाज को जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने लोगों से नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने और इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

कार्यक्रम में पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज और नागरिक अस्पताल पलवल के नेत्र बैंक की टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया और इसके महत्व के बारे में जानकारी दी। क्लब के संयोजक डॉ. विकास मित्तल, सह-संयोजक अल्पना मित्तल और नागरिक अस्पताल के सीएमओ डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि सही जानकारी के अभाव में कई लोग नेत्रदान से हिचकिचाते हैं। जागरूकता के माध्यम से इस झिझक को दूर किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि चश्मा लगाने वाले, मोतियाबिंद का ऑपरेशन करा चुके तथा मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित लोग भी नेत्रदान के पात्र हो सकते हैं। मृत्यु के बाद नेत्रदान के लिए जल्द से जल्द नेत्र बैंक को सूचना देना जरूरी है। सामान्यतः मृत्यु के छह घंटे के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाता है। नेत्रदान में पूरी आंख नहीं निकाली जाती, बल्कि मुख्य रूप से पारदर्शी कॉर्निया का उपयोग किया जाता है। यह प्रक्रिया प्रशिक्षित टीम द्वारा परिजनों की सहमति से की जाती है। नेत्रदान की पात्रता का अंतिम निर्णय नेत्र बैंक की टीम करती है।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, पूर्व विधायक रामरतन, पूर्व विधायक संजय सिंह, भूदेव शर्मा, नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल, जय भगवान गोयल, पी. एम. ओ. डा. संजय, संजय जैन, अनिल मोहन मंगला, मुकेश सिंगला, आनंद मंगला, विजय मंगला, संजय मंगला, पवन मंगला और राहुल मंगला सहित सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *