
पलवल। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर पलवल डोनर्स क्लब ज्योति पुंज की टीम सेवा घर वृद्धाश्रम पहुंची। यहां सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें अपनत्व एवं सम्मान का एहसास कराया। इस अवसर पर वृद्धजनों को तौलिए, अन्न एवं खाने-पीने की आवश्यक सामग्री वितरित कर सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संयोजन क्लब के मुख्य संयोजक विकास मित्तल एवं सह-संयोजिका अल्पना मित्तल ने किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्श समाज में समानता, सहयोग, परोपकार और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा देते हैं। उनकी शिक्षाओं से प्रेरित होकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा और सद्भाव की भावना के साथ आगे आना चाहिए। वृद्धजनों की सेवा करना इन्हीं मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का सार्थक माध्यम है।

विकास मित्तल एवं अल्पना मित्तल ने भावुक संदेश देते हुए कहा, “बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। जिन हाथों ने हमें उंगली पकड़कर चलना सिखाया, जिन्होंने अपना जीवन हमारे भविष्य को संवारने में समर्पित कर दिया, उन्हें आज हमारे प्यार, सम्मान और सहारे की जरूरत है। बुजुर्गों को केवल आवश्यक सामग्री देना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके साथ समय बिताना, उनकी बातें सुनना और उन्हें अपनेपन का एहसास कराना भी जरूरी है। उनके चेहरों पर खिलने वाली मुस्कान और दिल से मिलने वाला आशीर्वाद ही हमारी सेवा का सबसे बड़ा पुरस्कार है। हमारा प्रयास है कि कोई भी बुजुर्ग खुद को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे।”
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी संस्कृति, संस्कार और मानवता की सच्ची पहचान है। पलवल डोनर्स क्लब ज्योति पुंज ‘सेवा ही सर्वोपरि’ के संकल्प के साथ जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सेवा के कार्य निरंतर जारी रखेगा। उन्होंने समाज के लोगों से भी अपील की कि वे अपने आसपास रहने वाले बुजुर्गों की जरूरतों को समझें, उनके साथ समय बिताएं और उन्हें सम्मान एवं स्नेह प्रदान करें।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम की संचालक कांता देवी के साथ अमर सिंह, जगदीश प्रसाद मित्तल, उर्मिला मित्तल, विकल्प मित्तल एवं रुद्र मित्तल ने विशेष सहयोग दिया।

