
प्यार और दिल टूटने का मौसम एक बार फिर लौट आया है और इसी एहसास को ‘प्रेम कीटाणु’ के नए गाने ‘इश्क का गुलाम’ में महसूस किया जा सकता है। यह गाना प्यार के उस पहलू को सामने लाता है, जिसमें भावनाओं के साथ खालीपन, दर्द और अधूरी यादें भी जुड़ी होती हैं। इस गाने को बि प्राक और सुकृति कक्कड़ ने अपनी आवाज दी है। इसका संगीत द रिश ने तैयार किया है, जबकि बोल कुणाल वर्मा ने लिखे हैं। दोनों सिंगर्स की दमदार आवाज और दिल को छू लेने वाले बोल ‘इश्क का गुलाम’ को एक ऐसा गाना बनाते हैं, जो सीधे दिल तक पहुंचता है और टूटे दिल की टीस भी महसूस कराता है।
गाने के बारे में बात करते हुए बि प्राक कहते हैं, “प्रेम कीटाणु के ‘इश्क का गुलाम’ का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास एहसास है। इस गाने के जरिए प्यार के सफर को उसके पूरे एहसास के साथ दिखाने की कोशिश की गई है, जहां प्यार के बाद दिल टूटने का दर्द और उससे जुड़ा गम भी आता है। ‘इश्क का गुलाम’ आपको बार-बार उस दर्द का एहसास कराएगा, लेकिन साथ ही उम्मीद और प्यार को फिर से महसूस करने की वजह भी देगा।”
‘इश्क का गुलाम’ प्यार के बाद रह जाने वाले खालीपन और उन यादों को खूबसूरती से बयां करता है, जो चाहकर भी मिटती नहीं हैं। बि प्राक की गहरी और भावुक आवाज इस एहसास को और भी असरदार बनाती है। ‘अंडी बंडी’, ‘कहो तो’ और ‘तू मेरा रइयो’ के बाद ‘इश्क का गुलाम’ फिल्म की रोमांटिक कहानी में एक और भावुक परत जोड़ता है। यह गाना ज़ी म्यूजिक कंपनी के यूट्यूब चैनल और सभी म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज हो चुका है।
फिल्म के एल्बम में कुल सात गाने हैं, जिनमें सचेत टंडन, परंपरा टंडन, बि प्राक, अरमान मलिक, पापोन, जुबिन नौटियाल, मधुर शर्मा, अल्तमश फरीदी, शशि सुमन और बृजेश शांडिल्य जैसे जाने-माने सिंगर्स की आवाज सुनने को मिलेगी। एल्बम में रैपर्स लिटिल भाटिया और मेज़म्यूजिक भी शामिल हैं।
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी ‘प्रेम कीटाणु’ का निर्माण अवानिका फिल्म्स के तहत गौरव वर्मा ने किया है। फिल्म को फार्स फिल्म्स के साथ भावना स्टूडियोज़ के सहयोग से को-प्रेज़ेंट किया गया है। फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी युवाओं के एक ग्रुप के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दोस्ती, पहला प्यार, एकतरफा प्यार और बड़े होने के साथ आने वाले दिल टूटने के अनुभवों से गुजरते हैं।
‘प्रेम कीटाणु’ 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

