दिल्ली में लगेगा देश का सबसे बड़ा फिल्म इंडस्ट्री एक्सपो, 26 अगस्त से होगा भव्य आयोजन

Uncategorized

देश-विदेश के फिल्मकार, तकनीकी विशेषज्ञ और कलाकार होंगे शामिल; रोजगार और ग्लोबल सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
नई दिल्ली:
भारतीय फिल्म उद्योग को एक वैश्विक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राजधानी दिल्ली में 26 अगस्त से 30 अगस्त तक “फिल्म एक्सपो इंडिया” के उद्घाटन संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह एक्सपो देश का अब तक का सबसे बड़ा फिल्म इंडस्ट्री एग्ज़ीबिशन बनने जा रहा है, जिसमें भारत समेत कई देशों के फिल्म निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों, सरकारी प्रतिनिधियों और कलाकारों की भागीदारी देखने को मिलेगी।
इस भव्य आयोजन का संचालन अभिनेता बिंदु दारा सिंह की कंपनी द्वारा आईटीपीओ के सहयोग से किया जा रहा है। इसके साथ ही दिल्ली टूरिज्म, महाराष्ट्र टूरिज्म, साहित्य अकादमी और प्रसार भारती जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भी इस पहल से जुड़े हुए हैं।


दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिंदु दारा सिंह ने बताया कि इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य फिल्म इंडस्ट्री के विभिन्न क्षेत्रों को एक मंच पर लाना है, ताकि नए अवसरों, तकनीकी विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री जहां भी जाती है, वहां स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और यह आयोजन भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने अपने आगामी प्रोजेक्ट “महाकालनाटक” की भी जानकारी साझा की और इसके कलाकारों से मीडिया को रूबरू कराया।
तकनीक और क्रिएटिविटी का संगम
फिल्म एक्सपो इंडिया में अत्याधुनिक फिल्म तकनीकों, उपकरणों और सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा इंडस्ट्री विशेषज्ञों के साथ कॉन्क्लेव और पैनल डिस्कशन आयोजित होंगे, जिनमें फिल्म निर्माण, नए ट्रेंड्स और फैशन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
फिल्म कार्निवल और मनोरंजन का अनुभव
इस आयोजन में फिल्म कार्निवल और थीम पार्क भी आकर्षण का केंद्र होंगे, जहां दर्शकों को सिनेमा की दुनिया का लाइव अनुभव मिलेगा। डोम थिएटर, फिल्म मेकिंग स्टोरी, रीजनल सिनेमा और विजुअल आर्ट्स की प्रदर्शनी इस एक्सपो की खास विशेषताएं होंगी।
बड़े संगठनों का सहयोग
फिल्म एक्सपो इंडिया को फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन और इंटरनेशनल चैंबर ऑफ मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री सहित कई प्रमुख संस्थाओं और ब्रांड्स का सहयोग प्राप्त है।
आयोजकों का मानना है कि यह एक्सपो फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म साबित होगा, जहां नेटवर्किंग, बिजनेस अवसर और नई प्रतिभाओं को पहचान मिलने का अवसर मिलेगा। भविष्य में इसे देश के अन्य शहरों में भी आयोजित करने की योजना है।
यह आयोजन भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *