
नई दिल्ल 15 जून 2026: कैविनकेयर प्राइवेट लिमिटेड ने मद्रास मैनेजमेंट एसोसिएशन के सहयोग से 15वें कैविनकेयर–एमएमए चिन्नीकृष्णन इनोवेशन एवं महान विचार पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। यह राष्ट्रीय मंच देशभर के स्टार्टअप, एमएसएमई, शोधकर्ताओं, छात्रों और नवप्रवर्तकों को उनके अभिनव विचारों और समाधानों के लिए सम्मानित करता है। इस वर्ष पुरस्कारों में ‘महान विचार’ श्रेणी को नए स्वरूप में फिर से शुरू किया गया है। पहले इस श्रेणी में केवल एक विजेता चुना जाता था, लेकिन अब 10 उत्कृष्ट विचारों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि इससे शुरुआती स्तर के नवाचारों को प्रोत्साहन मिलेगा और युवा प्रतिभाओं को अपने विचारों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक व्यक्ति और संस्थान 22 जून 2026 तक www.ckinnovationawards.in पर आवेदन कर सकते हैं। सी.के. रंगानाथन ने कहा कि चिन्नीकृष्णन इनोवेशन अवार्ड्स हमेशा ऐसे विचारों को बढ़ावा देते रहे हैं जो आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकें। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और सहयोग मिलने पर छोटे विचार भी बड़े और प्रभावशाली समाधान बन सकते हैं। वहीं लक्ष्मीनारायणन ने कहा कि यह पहल देश में नवाचार और उद्यमशीलता की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुरस्कार दो श्रेणियों में दिए जाएंगे। ‘नवाचार श्रेणी’ में तीन विजेताओं को एक-एक लाख रुपये, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि ‘महान विचार श्रेणी’ के 10 विजेताओं को 10-10 हजार रुपये की नकद राशि दी जाएगी। स्वर्गीय आर. चिन्नीकृष्णन की स्मृति में स्थापित यह पुरस्कार 2011 से स्वास्थ्य, एआई, कृषि, स्वच्छ ऊर्जा और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में नवाचारों को प्रोत्साहित कर रहा है।

