AI से छेड़छाड़ कर ‘जुगनी’ गाने को बदनाम करने की साजिश, गायक सोनू ठुकराल ने साइबर क्राइम में की शिकायत

Uncategorized

नई दिल्ली। लोकप्रिय गायक का नया गाना ‘जुगनी’ इन दिनों दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर रहा है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस सफलता के बीच गाने को लेकर एक विवाद भी खड़ा हो गया है, जिसने गायक को मानसिक रूप से आहत कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, ‘जुगनी’ गाने में फिल्मांकन के दौरान अभिनेत्री के एक दृश्य में तकनीकी त्रुटि के कारण एक गलत कैमरा एंगल का शॉट शामिल हो गया था। इस गाने में अभिनेत्री डांस करते वक्त एक सीन में ब्लाउज के अंदर का दृश्य नजर आ रही हैं। गाने के रिलीज के बाद कुछ शरारती तत्वों ने इस छोटे से दृश्य को मुद्दा बनाते हुए AI तकनीक का इस्तेमाल कर उसे एडिट और मॉर्फ करके सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक तरीके से फैलाना शुरू कर दिया।
इन लोगों ने गाने के उस हिस्से को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया और गायक सोनू ठुकराल व अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीज पर अश्लीलता फैलाने के आरोप लगाने लगे। बढ़ते विवाद और गलतफहमियों को देखते हुए सोनू ठुकराल ने कड़ा कदम उठाते हुए लगभग 15 मिलियन व्यूज हासिल कर चुके इस गाने को अपने आधिकारिक चैनल से हटा दिया।


इसके बाद गाने के विवादित सीन को एडिट कर दोबारा रिलीज किया गया, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग लगातार AI के जरिए गाने को गलत रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री फैला रहे हैं।
इस मामले में गायक सोनू ठुकराल ने साइबर क्राइम सेल में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर उनके गाने की छवि खराब करने और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
सोनू ठुकराल ने अपील की है कि दर्शक ऐसे भ्रामक और एडिटेड वीडियो पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध मूल गाने को ही देखें। उन्होंने उम्मीद जताई है कि साइबर क्राइम विभाग इस मामले में जल्द कार्रवाई करेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
विवादों के बावजूद ‘जुगनी’ गाना अब भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना हुआ है और नए वर्जन के साथ भी लगातार ट्रेंड कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *