बंसी लाल के साथ कुलवंत कौर की रिपोर्ट।

- दिल्ली पुलिस आयुक्त द्वारा उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए दिल्ली पुलिस कर्मियों का सम्मान
- समय-पूर्व पदोन्नति प्रदान की एवं असाधारण कार्य पुरस्कार से सम्मानित किया नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस मुख्यालय के विमर्श कॉन्फ्रेंस हॉल, दिल्ली में दिल्ली पुलिस सेवा में उत्कर्ष कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुलिस आयुक्त द्वारा सम्मनित किया गया।
इस समारोह में सतीश गोलछा, भा.पु.से. पुलिस आयुक्त, दिल्ली ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में, कर्तव्य के दौरान अनुकरणीय उपलब्धियों और सराहनीय प्रदर्शन के लिए पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया।
उनके असाधारण प्रयासों की सराहना में और सेवा में निरंतर उत्कृष्टता के लिए प्रोत्साहन स्वरूप, पुलिस आयुक्त, दिल्ली ने थाना मेहरौली, दक्षिण जिला के सिपाही (कार्य.) अंगद सिंह मीना और सिपाही (कार्य.) मनीष कुमार को समय-पूर्व पदोन्नति प्रदान की। उन्हें अगले पद हेड कांस्टेबल (कार्य.) के रूप में पदोन्नत किया गया है।
यह पदोन्नति दक्षिण जिले में दिनांक 30.05.2026 को हुई एक इमारत ढहने की घटना के दौरान उनके अनुकरणीय साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए दी गई। दोनों पुलिस कर्मियों ने अपने जीवन को गंभीर खतरे में डालकर मलबे में गहराई तक प्रवेश किया और फंसे हुए व्यक्तियों को सफलतापूर्वक बचाया। साथ ही बचाव एवं निकासी प्रयासों में सहायता कर कई लोगों की जान बचाने में मदद की।

पुलिस आयुक्त, दिल्ली ने 03.06.2026 को फ्लोरिश स्टे, हौज रानी, मालवीय नगर, नई दिल्ली में हुई एक बड़ी आग की घटना के दौरान असाधारण साहस, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा के लिए दक्षिण जिले के पुलिस कर्मियों को प्रतिष्ठित असाधारण कार्य पुरस्कार के साथ ₹50,000/- प्रत्येक का नकद इनाम भी प्रदान किया।
आग की गंभीरता के कारण कई लोग इमारत के अंदर फंसे हुए थे। दक्षिण जिले के दिल्ली पुलिस कर्मियों की त्वरित और साहसिक प्रतिक्रिया, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के साथ निकट समन्वय से, विदेशी नागरिकों सहित कई लोगों को सफलतापूर्वक बचाया गया।
पुरस्कार विजेता हैं:
उप-निरीक्षक (कार्य.) राम किशन, हेड कांस्टेबल (कार्य.) करतार, हेड कांस्टेबल (कार्य.) हरज्ञान, हेड कांस्टेबल (कार्य.) दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल (कार्य.) संपत, सिपाही (कार्य.) सुरेंद्र, सिपाही (कार्य.) रवि कांत और सिपाही (कार्य.) संजय।
पुलिस आयुक्त/दिल्ली ने उत्कृष्ट जांच कार्य के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया और अनुकरणीय पेशेवर प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ डिवीजन अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ बीट अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ ट्रैफिक पुलिसकर्मी और सर्वश्रेष्ठ पीसीआर टीम पुरस्कार के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

