
पलवल। सामाजिक संस्था पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज द्वारा वीरांगना झलकारी बाई राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैम्प पलवल में आयोजित समर कैम्प के दौरान पर्यावरण पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें प्रकृति के संरक्षण हेतु प्रेरित करना था।
इस अवसर पर छात्राओं को पर्यावरण संतुलन, वृक्षों के महत्व, जल संरक्षण तथा स्वच्छ वातावरण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रभात शोभा, पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के मुख्य संयोजक आर्यवीर लायन डॉ. विकास मित्तल तथा सह-संयोजक अल्पना मित्तल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम अधिकारी संगीता द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डॉ. विकास मित्तल ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम पांच पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।”
सह-संयोजक अल्पना मित्तल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आज की छात्राएं ही कल के समाज की दिशा तय करेंगी। पर्यावरण संरक्षण की भावना बचपन से विकसित होगी तो हरित एवं स्वस्थ भारत का सपना साकार होगा।”
कार्यक्रम अधिकारी संगीता ने पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित छात्राओं, शिक्षक शीला एवं अन्य प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में एनएसएस की छात्राओं एवं विद्यालय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

