मेरा युवा भारत – दिल्ली राज्य लोकतंत्र में वोट के अधिकारों के लिए जागरूकता रैली।

‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat), दिल्ली राज्य द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना को सुदृढ़ करने तथा विशेष रूप से प्रथम बार मतदाताओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय पदयात्रा एवं Sundays on Cycle का भव्य आयोजन किया गया।

दिल्ली विश्वविद्यालय के इंद्रप्रस्थ कॉलेज फॉर विमेन से आयोजित पदयात्रा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री रविन्द्र सिंह नेगी (विधायक, पटपड़गंज), डॉ. अनिल गोयल (विधायक, कृष्णा नगर) एवं श्री रवि कांत उज्जैनवाल (विधायक, त्रिलोकपुरी) उपस्थित रहे। ‘माय भारत’ की ओर से डॉ. प्रियंका शुक्ला, IAS (CEO, My Bharat), श्री आर.एन. त्यागी, श्री प्रकाश वैद्य (वरिष्ठ सलाहकार), दिल्ली राज्य के डिप्टी डायरेक्टर, कॉलेज प्राचार्या प्रोफेसर पूनम कुमारिया तथा जिला युवा अधिकारियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

लोकतंत्र को सशक्त बनाने का आह्वान
डॉ. प्रियंका शुक्ला एवं अन्य वक्ताओं ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी विजन पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु विशेष गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक मतदाता शपथ के साथ हुआ तथा प्रथम बार मतदाताओं को बैज एवं गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में FIT India के सहयोग से वसंत कुंज क्षेत्र में आयोजित “Sundays on Cycle” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री ऋतु शेरोन (भारतीय कबड्डी खिलाड़ी) एवं श्री रोहित कुमार (FIT India यूथ आइकन) की गरिमामयी उपस्थिति रही। यहाँ भी प्रथम बार मतदाताओं को बैज एवं गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया तथा युवाओं द्वारा “18+ Vote” मानव श्रृंखला बनाकर जागरूक, सूचित एवं सक्रिय मतदान का संदेश दिया गया।

दोनों कार्यक्रमों में 2,300 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रमों की थीम “नया मतदाता – भारत भाग्य निर्माता” रही, जिसके माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. प्रियंका शुक्ला, IAS, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ ने कहा —
“MY Bharat का निरंतर प्रयास है कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस को केवल एक औपचारिक दिवस न मानकर लोकतंत्र के उत्सव के रूप में मनाया जाए — विशेष रूप से प्रथम बार मतदाताओं के साथ। प्रथम बार मतदान युवाओं के लिए लोकतांत्रिक यात्रा की शुरुआत है और MY Bharat ऐसे युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय मतदाता बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि वे गर्व और उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी निर्णायक भूमिका निभाएँ।”

कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में दिल्ली राज्य के उप निदेशकों, जिला युवा अधिकारियों, लेखा एवं कार्यक्रम सहायकों तथा MY Bharat के स्वयंसेवकों का सराहनीय सहयोग रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top