
नई दिल्ली: हंसराज महाविद्यालय में मीडिया जगत के प्रतिनिधियों के साथ दीपावली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रमा ने कहा कि नई पीढ़ी को बेहतर नागरिक बनाने की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों की भी है। इन तीनों की सामूहिक भूमिका से ही एक संवेदनशील, जिम्मेदार और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

प्रो. रमा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। हंसराज महाविद्यालय इसी दृष्टिकोण के साथ विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और नैतिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल बेहतर पेशेवर, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में भी कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर प्रिंट एवं सोशल मीडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि बेहतर समाज और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में शिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। संस्थानों को ज्ञान के प्रसार के साथ-साथ सामाजिक चेतना, मानवीय मूल्यों और लोकतांत्रिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक पीढ़ी तैयार करने पर भी ध्यान देना चाहिए। पत्रकारों ने शिक्षा और मीडिया के बीच सार्थक संवाद एवं सहयोग को समय की आवश्यकता बताया।

मीडिया जगत के वरिष्ठ एवं अनुभवी पत्रकारों से मुलाकात के दौरान प्रो. रमा ने अपने महाविद्यालयीन जीवन और शुरुआती व्यावसायिक यात्रा से जुड़ी पुरानी यादें भी साझा कीं। पुराने परिचितों और मीडिया जगत के साथियों के साथ संवाद ने इस अवसर को और भी आत्मीय एवं यादगार बना दिया।
दीपावली के शुभ अवसर पर प्रो. रमा ने सभी पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित यह समारोह हंसराज महाविद्यालय और मीडिया जगत के बीच संवाद, आत्मीयता एवं सहयोग को और मजबूत बनाने का अवसर बना।

