
चर्चित पैरानॉर्मल सीरीज़ ‘भय – द गौरव तिवारी मिस्ट्री’ के पीछे की रचनात्मक टीम एक बार फिर साथ आई है। इस महत्वाकांक्षी थिएट्रिकल हॉरर फिल्म के लिए रॉबी ग्रेवाल क्रिएटिव प्रोड्यूसर, अरशद सैयद निर्देशक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर एक्शन एवं स्टंट डायरेक्टर पीटर पेड्रेरो भी जुड़े हैं।
मुंबई, 4 नवंबर, 2026: भूषण कुमार की टी-सीरीज़ फिल्म्स और प्रबलिन संधू की आल्माइटी मोशन पिक्चर ने एक महत्वाकांक्षी और ओरिजिनल थिएट्रिकल हॉरर फ्रेंचाइज़ी ‘जानी दुश्मन’ के लिए हाथ मिलाया है। इस फिल्म में प्रशंसित अभिनेत्री भूमि सतिश पेडनेकर मुख्य भूमिका में नज़र आएंगी। यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
मेड इन इंडिया – अ टाइटन स्टोरी में सफल साझेदारी के बाद दोनों प्रोडक्शन हाउस एक बार फिर साथ आ रहे हैं। इस बार उनका उद्देश्य बड़े पर्दे के लिए एक भव्य और रोमांचक सुपरनैचुरल हॉरर अनुभव तैयार करना है।
कहानी कहने के अपने शानदार अनुभव और रचनात्मक दृष्टिकोण के लिए पहचाने जाने वाले फिल्ममेकर रॉबी ग्रेवाल इस प्रोजेक्ट में क्रिएटिव प्रोड्यूसर की भूमिका निभाएंगे, जबकि अरशद सैयद फिल्म का निर्देशन करेंगे। दोनों मिलकर भारतीय हॉरर सिनेमा की सीमाओं को आगे बढ़ाते हुए एक ऐसी फिल्म पेश करने का प्रयास कर रहे हैं, जो अपनी दमदार कहानी, भावनात्मक गहराई और शानदार विजुअल्स के साथ दर्शकों को एक अनूठा सिनेमाई अनुभव देगी।
इस प्रोजेक्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान देने के लिए निर्माताओं ने मशहूर एक्शन एवं स्टंट विशेषज्ञ पीटर पेड्रेरो को भी टीम में शामिल किया है। उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय काम में हैरी पॉटर, फास्ट एंड फ्यूरियस, द एक्सपेंडेबल्स, गेम ऑफ थ्रोन्स और द कॉन्ज्यूरिंग जैसी बड़ी फ्रेंचाइज़ी और चर्चित प्रोडक्शंस शामिल हैं।
फिल्म में इंटरनेशनल हॉरर एक्शन एवं स्टंट डायरेक्टर के तौर पर जुड़े पीटर पेड्रेरो की मौजूदगी से भारतीय सिनेमा में हॉरर एक्शन, सुपरनैचुरल सीक्वेंस और फिजिकल इफेक्ट्स के स्तर को एक नई ऊंचाई देने का प्रयास किया जाएगा।
यूनाइटेड किंगडम की रहस्यमयी पृष्ठभूमि पर आधारित ‘जानी दुश्मन’ एक भावनात्मक मां-बेटी की कहानी है, जिसमें डरावने सुपरनैचुरल तत्वों, परिवार से जुड़े दफन राज़ और रोंगटे खड़े कर देने वाले सिनेमाई पलों का अनूठा मेल देखने को मिलेगा।
फिल्म और इस साझेदारी के बारे में बात करते हुए निर्माता भूषण कुमार ने कहा, “आल्माइटी मोशन पिक्चर हमारे लिए एक अहम रचनात्मक साझेदार रहा है और प्रबलिन और उनकी टीम के साथ काम करना हमेशा सुखद अनुभव होता है। मेड इन इंडिया – अ टाइटन स्टोरी के बाद हमें खुशी है कि हम एक बार फिर जानी दुश्मन के लिए साथ आ रहे हैं। इस फिल्म के साथ प्रतिभाओं का एक दिलचस्प संगम देखने को मिलेगा। पीटर पेड्रेरो का एक्शन और स्टंट के क्षेत्र में अनुभव इस प्रोजेक्ट को एक अहम आयाम देगा। हमें भूमि को भी इस फिल्म से जोड़कर बेहद खुशी है। उम्मीद है कि हम दर्शकों को एक शानदार सिनेमाई अनुभव दे पाएंगे और हॉरर जॉनर को एक नए और रोमांचक अंदाज़ में पेश करेंगे।”
इस साझेदारी के बारे में बात करते हुए आल्माइटी मोशन पिक्चर की संस्थापक प्रबलिन संधू ने कहा, “भूषण जी और टी-सीरीज़ के साथ काम करना हमेशा सुखद अनुभव रहा है। उनके साथ हमारा जुड़ाव हमेशा से खास रहा है और हम एक बार फिर उनके साथ बिल्कुल अलग तरह का सिनेमाई अनुभव लेकर आने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
जानी दुश्मन मेरे लिए खास है, क्योंकि इस फिल्म के ज़रिए मैं एक बार फिर रॉबी ग्रेवाल और अरशद सैयद के साथ काम कर रही हूं। हम तीनों ने मिलकर भारत की सबसे पसंद की जाने वाली पैरानॉर्मल थ्रिलर सीरीज़ में से एक बनाई थी।
भूमि पेडनेकर जैसी शानदार और दमदार अदाकारा का इस फिल्म का नेतृत्व करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर स्टंट विशेषज्ञ पीटर पेड्रेरो का इससे जुड़ना हमारे लिए बेहद खास है। हमारा उद्देश्य भारतीय हॉरर सिनेमा को एक नए स्तर पर ले जाना और दर्शकों को एक भव्य, रोमांचक और लंबे समय तक याद रहने वाला थिएट्रिकल अनुभव देना है।”
गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ प्रस्तुत करते हैं, टी-सीरीज़ फिल्म्स और आल्माइटी मोशन पिक्चर प्रोडक्शन की फिल्म ‘जानी दुश्मन – डर के आगे मौत है’। भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, प्रबलिन संधू और अजय सिंघल द्वारा निर्मित इस फिल्म में भूमि सतिश पेडनेकर मुख्य भूमिका में हैं। अरशद सैयद के निर्देशन में बनी इस फिल्म के क्रिएटिव प्रोड्यूसर रॉबी ग्रेवाल हैं, जबकि शिव चनाना और सुनीता विनोद व्यास इसके को-प्रोड्यूसर हैं। ‘जानी दुश्मन – डर के आगे मौत है’ 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

