
श्यामा प्रसाद मुखर्जी महिला महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद् (ICPR) के वित्तीय अनुदान एवं प्रबोध ज्ञान केंद्र के सहयोग से आयोजित द्विदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘राष्ट्रोत्कर्ष का ध्येय — सनातन संस्कृति का प्रवाह’ का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार, सेवानिवृत्त प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. पूजा व्यास, निदेशक, भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद् (ICPR) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रबोध ज्ञान केंद्र के श्री राहुल तिवारी की भी विशिष्ट उपस्थिति रही।

अपने आशीर्वचन एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) नीलम गोयल ने संगोष्ठी के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के बौद्धिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, वैचारिक परिपक्वता तथा राष्ट्रीय चेतना के संवर्धन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. पूजा व्यास, निदेशक, भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद् (ICPR), ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में भारत की बहुआयामी एवं बहुरंगी सांस्कृतिक विरासत के सम्यक् अध्ययन और बोध की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार, सेवानिवृत्त प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, ने अपने व्याख्यान में राष्ट्र एवं राज्य के मध्य वैचारिक, ऐतिहासिक एवं दार्शनिक अन्तर को स्पष्ट करते हुए भारतीय राष्ट्रबोध की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला।
संगोष्ठी की संयोजिका सुश्री पूजा शर्मा ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों की सक्रिय शैक्षणिक सहभागिता एवं शोधपरक योगदान की सराहना की गई।

समग्रतः ‘राष्ट्रोत्कर्ष का ध्येय — सनातन संस्कृति का प्रवाह’ विषयक यह राष्ट्रीय संगोष्ठी भारतीय ज्ञान-परम्परा, आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता एवं राष्ट्रबोध के विविध आयामों पर गहन विमर्श का एक महत्त्वपूर्ण अकादमिक मंच सिद्ध हुई।

