माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने की उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के चतुर्थ संस्करण की घोषणा।


UPITS 2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक उत्कृष्टता, निवेश क्षमता एवं वैश्विक व्यापारिक नेतृत्व का बनेगा सबसे बड़ा मंच।
नोएडा, जून, 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने आज एमएसएमई दिवस 2026 के अवसर पर नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय, सेक्टर-96, नोएडा में आयोजित भव्य कर्टन रेज़र समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के चतुर्थ संस्करण का औपचारिक घोषणा की। इस गरिमामय अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों, निर्यातकों, उद्यमियों, विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों तथा मीडिया के सदस्यों ने सहभागिता की।
कर्टन रेज़र समारोह के माध्यम से 25 से 29 सितम्बर, 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के चतुर्थ संस्करण का औपचारिक शुभारम्भ किया गया।
इस अवसर पर श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ — माननीय मंत्री (औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन), उत्तर प्रदेश; श्री भूपेन्द्र चौधरी, माननीय मंत्री, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन, उत्तर प्रदेश; डॉ महेश शर्मा, माननीय सांसद, लोकसभा; श्री जसवंत सिंह सैनी — माननीय राज्यमंत्री (संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास), उत्तर प्रदेश; श्री ब्रजेश सिंह, माननीय राज्यमंत्री, लो. नि. वि., उत्तर प्रदेश; श्री हंसराज विश्वकर्मा, राज्य राज्यमंत्री, एमएसएमई; श्री शशि भूषण लाल सुशील (IAS), प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन, डॉ. राकेश कुमार, चेयरमैन, इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड तथा स्थानीय मंत्री एवं अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तर प्रदेश आज प्रगतिशील नीतियों, विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना, सशक्त एमएसएमई तथा निर्यात के बल पर देश की सबसे तेज़ी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में अपना महत्वपूर्ण स्थान बना चुका है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो ने अत्यंत कम समय में स्वयं को एक प्रभावशाली वैश्विक व्यापारिक मंच के रूप में स्थापित किया है। यह आयोजन प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को विश्व के समक्ष प्रस्तुत करने, स्थानीय उद्यमों को वैश्विक बाज़ारों से जोड़ने तथा उत्तर प्रदेश को व्यापार, विनिर्माण और निवेश के लिए एक पसंदीदा स्थान बनाने के हमारे संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करता है। मुझे विश्वास है कि UPITS 2026 उत्तर प्रदेश को एक अग्रणी वैश्विक सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा। इस संस्करण में विभिन्न सरकारी विभागों एवं प्राधिकरणों की पहले से अधिक सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी, जिससे यह आयोजन और अधिक व्यापक तथा प्रभावशाली बनेगा। साथ ही, UPITS 2026 का एक प्रमुख आकर्षण ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन (ODOC)’ पहल होगी, जिसके माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों की विशिष्ट पाक-परंपराओं, स्थानीय व्यंजनों, खाद्य उद्यमों तथा समृद्ध खान-पान संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मंत्री, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन, श्री भूपेन्द्र चौधरी ने कहा, “उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो आज देश के सबसे प्रभावशाली राज्य स्तरीय व्यापारिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। यह मंच एमएसएमई, ओडीओपी उद्यमों, स्टार्टअप्स, कारीगरों तथा बड़े उद्योगों को अपनी नवाचार क्षमता प्रदर्शित करने, नए व्यावसायिक साझेदारी स्थापित करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों तक पहुँच बनाने के उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। मुझे विश्वास है कि UPITS 2026 का चतुर्थ संस्करण इन अवसरों का और अधिक विस्तार करेगा तथा प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेगा। UPITS 2026 एक सशक्त व्यापारिक मंच के रूप में देश के उत्पादकों, विनिर्माताओं एवं सेवा प्रदाताओं को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे जोड़ते हुए निर्यात संवर्धन, निवेश आकर्षित करने तथा वैश्विक व्यापारिक साझेदारियों के नए द्वार खोलेगा।”
समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के एमएसएमई क्षेत्र एवं निर्यात अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण औद्योगिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इनमें रायबरेली, मऊ, प्रयागराज, प्रतापगढ़ एवं महोबा में एमएसएमई क्लस्टर पार्कों का शिलान्यास, टाईज़ (TIES) योजना के अंतर्गत गोमतीनगर, लखनऊ में ट्रेड प्रमोशन सेंटर का शिलान्यास, वाराणसी में ओडीओपी कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) का लोकार्पण तथा कौशाम्बी एवं गोंडा में ओडीओपी कॉमन फैसिलिटी सेंटर परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
माननीय मुख्यमंत्री ने ककवन बिल्ल्हौर (कानपुर नगर), बछरावां (रायबरेली) तथा गद्दोपुर (अयोध्या) स्थित मिनी औद्योगिक आस्थानों के उच्चीकरण कार्यों का शुभारम्भ किया। साथ ही वाराणसी, शामली एवं अमेठी में नए जिला उद्योग केन्द्र भवनों का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट उद्यमियों को माटी कला शिल्पकारी पुरस्कार तथा खादी ग्रामोद्योग पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे पारंपरिक शिल्प, ग्रामीण उद्यमिता और स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिला।
पिछले तीन संस्करणों में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) ने राज्य की विनिर्माण क्षमता, एमएसएमई, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) उत्पादों, निर्यात संभावनाओं, नवाचारों तथा निवेश पारिस्थितिकी तंत्र को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी पहचान दिलाई है। UPITS की सफलता इसकी लगातार बढ़ती सहभागिता और व्यापारिक उपलब्धियों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। वर्ष 2025 के संस्करण में 5,07,099 से अधिक आगंतुकों ने भाग लिया, जिनमें 1,40,735 B2B विज़िटर्स शामिल थे। इस आयोजन में 2,228 प्रदर्शकों ने 35,000 वर्ग मीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पिछले संस्करण में FIEO के सहयोग से 85 देशों से 550 से अधिक विदेशी खरीदारों ने भाग लिया, जिसने उत्तर प्रदेश को वैश्विक सोर्सिंग गंतव्य के रूप में और अधिक सुदृढ़ बनाया। इस आयोजन ने अनेक सफल बी2बी बैठकों, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की सहभागिता, व्यावसायिक सहयोग तथा विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमों के लिए नए बाज़ारों तक पहुँच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
UPITS 2026 के चतुर्थ संस्करण में देश-विदेश के अग्रणी उद्योग समूहों, निर्यातकों, स्टार्टअप्स, कारीगरों, विभिन्न सरकारी विभागों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों, संस्थागत खरीदारों तथा निवेशकों की व्यापक सहभागिता की अपेक्षा की जा रही है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश को व्यापार, विनिर्माण, निर्यात तथा वैश्विक व्यावसायिक साझेदारियों के लिए देश के सबसे पसंदीदा गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने पुनः अपने इस संकल्प को दोहराया कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) को अब तक का सबसे बड़ा और सर्वाधिक प्रभावशाली संस्करण बनाया जाएगा, जो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश आकर्षण और वैश्विक व्यापारिक नेतृत्व को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top