
दिल्ली: भारतीय इतिहास के महान सम्राट, समाजवाद के प्रणेता श्री राम के वंशज और अग्रवाल समाज के जनक महाराजा अग्रसेन जी के अद्भुत, प्रेरणादायी जीवन पर आधारित आगामी हिंदी फिल्म ‘सूर्यवंशी अग्रसेन’ का भव्य टीज़र और पोस्टर लॉन्च आजलाल किला दिल्ली के ऐतिहासिक लव कुश रामलीला मैदान में किया गया। यह गरिमामय अनावरण अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह एवं दिल्ली प्रदेश शपथ ग्रहण समारोह के पावन अवसर पर किया गया।
इस अवसर पर देशभर से अग्रवाल समाज के गणमान्य, उद्योगपति, समाजसेवी और हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

तीन बाण धारी मूवी प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस भव्य फिल्म के निर्माता राम किशन अग्रवाल हैं और निर्देशन की कमान संभाली है प्रतिभाशाली निर्देशक सुजीत कुमार ने। यह फिल्म केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि महाराजा अग्रसेन जी के साहस, करुणा, त्याग, समानता और सिद्धांत पर आधारित एक युगानंतर का दस्तावेज है।
फिल्म में टेलीविजन और बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकारों की महफिल नजर आएगी – जिसमें करणवीर बोहरा, प्राची बंसल, राजेश भाटी, फरहीन फलक और दमदार अभिनेता मिलिंद गुणाजी प्रमुख भूमिकाओं में है। वहीं, निर्माता राम किशन अग्रवाल ने बताया, “सूर्यवंशी अग्रसेन सिर्फ एक फिल्म नहीं, हमारी संस्कृति और सनातन मूल्यों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है। महाराजा अग्रसेन जी ने जो समाजवाद और आर्थिक समरसता का पाठ पढ़ाया, उसे आज के सिनेमा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।”
निर्देशक सुजीत कुमार ने कहा, “इस फिल्म को बड़े पैमाने पर, ऐतिहासिक तथ्यों और भव्य सेट्स के साथ फिल्माया गया है। हमें विश्वास है कि यह फिल्म हर भारतीय को गौरवान्वित करेगी। फिल्म के टीजर और पोस्टर को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है.”

