भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री राज भूषण चौधरी ने नई दिल्ली स्थित लोधी गार्डन में आयोजित योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम में सहभागिता की।

नई दिल्ली :: आज नई दिल्ली के शांति पथ पर एनडीएमसी द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में भारत सरकार के माननीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, आयुष मंत्रालय के सचिव तथा आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। वहीं, भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री राज भूषण चौधरी ने नई दिल्ली स्थित लोधी गार्डन में आयोजित योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम में सहभागिता की।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर एनडीएमसी के अध्यक्ष श्री केशव चंद्रा ने मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के स्वयंसेवकों, एनडीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पीएसओआई क्लब, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में आयोजित योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम में भाग लिया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री केशव चंद्रा ने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के महत्व पर बल देते हुए कहा: “योग केवल एक दिन का अभ्यास नहीं है, बल्कि यह एक जीवन शैली है ,जिसे हमारी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए। प्रत्येक दिन की शुरुआत योग से करने से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्पष्टता और आंतरिक संतुलन विकसित होता है। योग न केवल शरीर बल्कि मन और चेतना को भी सशक्त बनाता है, जिससे हम अधिक स्वस्थ, एकाग्र और उत्पादक जीवन जी सकते हैं। आज की तेज़-रफ्तार दुनिया में समग्र कल्याण, मानसिक दृढ़ता और दैनिक कार्यों के लिए निरंतर ऊर्जा प्राप्त करने हेतु योग को अपनाना अत्यंत आवश्यक है।”

एनडीएमसी अध्यक्ष – श्री केशव चंद्रा ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम नई दिल्ली के 09 प्रमुख स्थलों—लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, कर्तव्य पथ, आईएएस रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स (न्यू मोती बाग), संजय झील (लक्ष्मीबाई नगर), पंडारा पार्क, पालिका पार्क (कनॉट प्लेस) तथा पीएसओआई क्लब, चाणक्यपुरी—में आयोजित किए गए।

इसके अतिरिक्त, एनडीएमसी परिषद सदस्य – श्री अनिल वाल्मीकि ने स्थानीय निवासियों, स्वयंसेवकों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ वाल्मीकि सदन, मंदिर मार्ग, नई दिल्ली में आयोजित योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम में भाग लिया। श्री वाल्मीकि ने कहा कि यह योग कार्यक्रम एनडीएमसी की अपने कर्मचारियों एवं नागरिकों के बीच स्वस्थ जीवनशैली, समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण की संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इन 09 प्रमुख स्थलों के अलावा एनडीएमसी वृद्धाश्रम, कार्यरत महिला छात्रावास, आयुष इकाइयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों तथा विभिन्न कार्यालयों में भी योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नई दिल्ली क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन हेतु एनडीएमसी ने आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, गायत्री परिवार, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, ईशा योग केंद्र, द योग गुरु इंस्टीट्यूट, मोक्षायतन योग संस्थान तथा इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन के साथ सहयोग किया।

एनडीएमसी ने सभी नौ स्थलों पर प्रतिभागियों के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कोलकाता से भारत के माननीय प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी कराया। एनडीएमसी के उद्यान विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थलों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के संदेश, विषय-वस्तु एवं शुभकामनाओं से युक्त पुष्प सज्जा बोर्ड भी लगाए गए।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एनडीएमसी ने पेयजल, मोबाइल शौचालय, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र, योगा मैट एवं टी-शर्ट सहित सभी आवश्यक नागरिक एवं बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की। सभी 09 स्थलों पर लगभग 10 नोडल अधिकारियों की देखरेख में लगभग 1,000 कर्मियों की तैनाती की गई।

एनडीएमसी ने 19 एवं 20 जून को भी राजधानी के दो प्रमुख हरित स्थलों—तालकटोरा गार्डन एवं लोधी गार्डन—में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय पर आधारित इन निःशुल्क सामुदायिक योग सत्रों में प्रशिक्षित योगाभ्यास कराया गया तथा सभी आयु वर्गों के लोगों को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए योग के लाभों से जोड़ते हुए सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top