दिल्ली पुलिस की मॉक ड्रिल एवं विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक के माध्यम से मानसून सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप

Uncategorized

दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा

“मानसून सत्र के लिए विधानसभा पूरी तरह तैयार है” : दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता

नई दिल्ली, 06 अगस्त 2026

दिल्ली विधानसभा में कल, 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ होने वाले मानसून सत्र की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र आज माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विधानसभा की कार्यवाही के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्बाध संचालन के लिए सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा करना था।

बैठक में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्री देवेश श्रीवास्तव, संयुक्त पुलिस आयुक्त (नॉर्दर्न रेंज) श्री मधुकर वर्मा, पुलिस उपायुक्त (उत्तर) श्री राजा बंथिया, पुलिस उपायुक्त (सुरक्षा) श्री हुकमाराम साई, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सुश्री निहारिका भट्ट तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), दिल्ली अग्निशमन सेवा, बम डिस्पोजल स्क्वैड, डिटेक्टिव यूनिट, स्पेशल स्टाफ, स्वाट टीम, स्थानीय पुलिस, एम्बुलेंस सेवाओं तथा दिल्ली विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

मानसून सत्र से पहले दिल्ली पुलिस ने आज विधानसभा परिसर में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया, ताकि सुरक्षा तैयारियों, आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने की तत्परता का आकलन किया जा सके। विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्री देवेश श्रीवास्तव ने माननीय अध्यक्ष को अवगत कराया कि मानसून सत्र के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएँ पूरी कर ली गई हैं।

बैठक में विधानसभा अध्यक्ष को बताया गया कि मानसून सत्र के दौरान लगभग 130 पुलिसकर्मी, जिनमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान भी शामिल होंगे, सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किए जाएंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विधानसभा परिसर की सुरक्षा को और मजबूत करने तथा बाहरी दृश्य पहुंच को रोकने के लिए परिसर की परिधि पर व्यू कटर लगाए जाएंगे। साथ ही, एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के अधिकारी की विधानसभा में स्थायी तैनाती की जाएगी। विधानसभा परिसर में दिल्ली पुलिस के लिए एक समर्पित कार्यालय भी स्थापित किया जाएगा, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, सतत निगरानी तथा किसी भी सुरक्षा संबंधी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। सभी प्रवेश द्वारों पर हाइड्रोलिक रोड ब्लॉकर लगाए जा रहे हैं, प्रवेश नियंत्रण प्रणाली को और मजबूत किया जा रहा है तथा जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को व्यापक रूप से बढ़ाया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) पहले से ही तैनात कर दी गई है। संशोधित प्रवेश व्यवस्था के अनुसार, विधानसभा परिसर में प्रवेश केवल गेट संख्या-1 से ही होगा, जबकि अन्य सभी प्रवेश द्वारों का उपयोग नियंत्रित रखा जाएगा, ताकि परिसर की सुरक्षा और बेहतर बनाई जा सके।

बैठक में संभावित सुरक्षा चुनौतियों, सुरक्षा बलों की तैनाती, निगरानी प्रणाली, संचार व्यवस्था, आपातकालीन कार्ययोजना, आगंतुक प्रबंधन, तलाशी व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा चिकित्सा, अग्निशमन एवं निकासी जैसी आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के अंत में माननीय अध्यक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि मानसून सत्र के सुरक्षित, सुचारु एवं सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएँ और सभी संबंधित एजेंसियाँ पूरे सत्र के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *