डीपीएल: सार्थक का यह फॉर्म टीम के लिए सकारात्मक संदेश: मयंक डागर

Uncategorized

नई दिल्ली, 12 अगस्त: नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में मंगलवार को वेस्ट दिल्ली लायंस को आठ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टीम के ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित मयंक डागर ने जीत के बाद टीम के संतुलन, खिलाड़ियों की भूमिका और कप्तान सार्थक रंजन की बेहतरीन बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की।


जीत के बाद डागर ने कहा कि, “यह जीत हमारे लिए बहुत प्रभावी रही, पहले हमने गेंदबाजी से उन्हें रोक कर रखा और फिर लक्ष्य का आसानी से पीछा कर लिया।” टीम के बेहतर तालमेल को जीत की अहम वजह बताते हुए उन्होंने आगे कहा कि, “हमारा संयोजन बहुत अच्छा है। हर खिलाड़ी अपनी भूमिका जानता है और एक टीम के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण चीज है। हम सभी के बीच तालमेल बहुत अच्छा रहा है। अगर आप हमारी बल्लेबाजी देखें, तो हमारे मध्यक्रम और निचले मध्यक्रम को अभी तक बल्लेबाजी का मौका ही नहीं मिला है। यह बहुत अच्छा संकेत है, क्योंकि हमारे शीर्ष क्रम के बल्लेबाज जिम्मेदारी ले रहे हैं और लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।”


डागर ने शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान सार्थक रंजन की भी तारीफ करते हुए कहा कि, “टचवुड, जिस तरह हमारे कप्तान खेल रहे हैं, वह शानदार है। हमने अंडर-16 और अंडर-19 स्तर से साथ में काफी क्रिकेट खेली है। इसलिए मैंने उन्हें एक खिलाड़ी और एक इंसान के तौर पर आगे बढ़ते हुए देखा है। वह वास्तव में इस मौके के हकदार हैं।”
डागर ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया और चार ओवर में 14 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उन्होंने अपने खास विकेट सेलिब्रेशन के पीछे की प्रेरणा का भी खुलासा करते हुए कहा कि, “यह वास्तव में पॉल पोग्बा से प्रेरित है। जब मैंने पहली बार फुटबॉल देखना शुरू किया था, तब मैंने उन्हें यह सेलिब्रेशन करते देखा और मुझे यह बहुत पसंद आया। इसलिए मैंने आज इसे करने का फैसला किया।”
इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम ने स्ट्राइकर्स की अनुशासित गेंदबाजी के सामने 20 ओवर में 146/7 का स्कोर बनाया। लायंस ने 36 रन की साझेदारी के साथ अच्छी शुरुआत की, लेकिन अंकित कुमार के 10 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट होने के बाद टीम के विकेट लगातार गिरने लगे। लायंस का स्कोर जल्द ही 59/5 हो गया। इसके बाद मयंक गुसैन और सोमबीर श्योकंद ने छठे विकेट के लिए 68 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। श्योकंद ने 24 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि गुसैन 28 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाकर टीम को 146/7 के स्कोर तक ले गए। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से मयंक डागर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 14 रन देकर दो विकेट चटकाए।


147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने जोरदार शुरुआत की। कप्तान सार्थक रंजन और वैभव कंडपाल ने पहले विकेट के लिए 106 रन की शानदार साझेदारी कर टीम की जीत लगभग तय कर दी।
रंजन ने 30 गेंदों पर 57 रन की आत्मविश्वास से भरी पारी खेली। उनके आउट होने के बाद भी कंडपाल ने आक्रामक अंदाज जारी रखा। वह 43 गेंदों पर 64 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को बिना किसी और परेशानी के लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *