
पलवल, 22 अगस्त। भारत विकास परिषद, पलवल शाखा द्वारा “गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन” कार्यक्रम के अंतर्गत दयानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पातली गेट में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु–शिष्य परंपरा को सम्मान देने, गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता की भावना जागृत करने तथा मेधावी विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा एवं परिश्रम के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का संयोजन भारत विकास परिषद, पलवल शाखा के संस्कार संयोजक डा. विकास मित्तल ने किया।
इस अवसर पर परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष सतीश कौशिश, शाखा अध्यक्ष रवि दत्त शर्मा एवं कोषाध्यक्ष राजेंद्र बंसल ने विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती ममता तथा मेधावी विद्यार्थियों नंदनी, उर्वषी, अलिशा, हर्षी, भावना, गौरव, प्रिंस, देवेंद्र एवं तनिषा को सम्मानित किया।

प्रांतीय अध्यक्ष सतीश कौशिश ने कहा, “भारत विकास परिषद का ‘गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम हमारी भारतीय संस्कृति की महान गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मान देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। वहीं मेधावी छात्र देश की भावी शक्ति हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का सदुपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।”
शाखा अध्यक्ष रवि दत्त शर्मा ने कहा, “‘गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन’ के माध्यम से हम गुरुजनों के प्रति सम्मान और विद्यार्थियों के प्रति प्रोत्साहन की भावना को मजबूत करते हैं। गुरु का सम्मान हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का अभिनंदन उन्हें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है। भारत विकास परिषद शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संस्कार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी पलवल के विभिन्न विद्यालयों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।”

कार्यक्रम संयोजक डा. विकास मित्तल ने कहा, “‘गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन’ केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि संस्कार और प्रेरणा का कार्यक्रम है। गुरु विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके भविष्य का निर्माण करते हैं, जबकि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य छात्रों को भी परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करता है। संस्कार गतिविधि के अंतर्गत हमने इस विद्यालय का चयन किया था। शिक्षिका श्रीमती ममता ने शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है, जबकि सम्मानित विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाई है।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजेंद्र गौड़ ने सभी अतिथियों एवं भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “गुरु का सम्मान और विद्यार्थियों का अभिनंदन हमारी शिक्षा व्यवस्था के महत्वपूर्ण संस्कार हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम निश्चित रूप से विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।”
कार्यक्रम में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य श्री सुभाष, श्री महेश शर्मा, श्री श्याम दत्त शर्मा, श्री कमलेश सहित विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सम्मानित शिक्षिका एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों को यह प्रेरणादायी संदेश दिया कि “गुरु का सम्मान करें, ज्ञान का सम्मान करें और अपनी प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में समर्पित करें।”

