
पलवल, 19 जुलाई। देशभर में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज ने सोनेश क्रिकेट एकेडमी के सहयोग से बामनीखेड़ा स्थित एकेडमी ग्राउंड में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम का संयोजन क्लब के मुख्य संयोजक आर्यवीर लायन डॉ. विकास मित्तल, सह-संयोजक अल्पना मित्तल एवं समाजसेवी नितिन पांचाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के सचिव श्री बिजेन्द्र सौरोत, ग्राम सरपंच डॉ. मुकेश तंवर, ग्राम सचिव अजय, उपसरपंच वीरेंद्र शर्मा, सोनेश क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर विजय शर्मा तथा ग्राम पंच सुनील ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायी माध्यम है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सकेगा।”

कार्यक्रम संयोजक डॉ. विकास मित्तल एवं अल्पना मित्तल ने कहा कि “अपने क्षेत्र को हराभरा बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधारोपण तभी सफल होगा जब हम लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित करें। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि “वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता तथा स्वस्थ पर्यावरण के आधार हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।”
इस अवसर पर गुडहल, कनेर, मीठा नीम, अनार, अशोक एवं बोगनबेलिया सहित लगभग 50 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में सोनेश क्रिकेट एकेडमी के लगभग 50 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की तरफ से सभी अतिथियों, बच्चों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

