
कड़कड़डूमा से जागृति एन्क्लेव तक निकली तिरंगा यात्रा
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने और तिरंगे के सम्मान का संदेश देने के लिए गुरुवार को आनंद विहार मंडल भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में क्षेत्र के लोगों, मंडल पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ सेवा भारती से जुड़े बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर बच्चों और कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा इलाका राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
तिरंगा यात्रा सुबह नौ बजे कड़कड़डूमा स्थित अंबेडकर पार्क से शुरू होकर 124, जागृति एन्क्लेव पार्क तक पहुंची और वहां शाहिद भगत सिंह की प्रतिमा को माल्यार्पण कर समाप्त हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। सेवा भारती से जुड़े बच्चों की भागीदारी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सारिका जैन, जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, जिला महामंत्री अनिल शर्मा और जिला मंत्री छविकला विशेष रूप से मौजूद रहे। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष से माहौल गूंज उठा।
निगम पार्षद मोनिका पंत और भाजपा आनंद विहार मंडल अध्यक्ष सचिन शर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं की भागीदारी से राष्ट्रभक्ति का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचता है। कार्यक्रम में दीप्ति अग्रवाल, महेश गुप्ता, राजीव वालिया, अधिवक्ता अमन गौड़, राकेश राजपूत, अधिवक्ता अमन पंडित, अर्जुन पंडित, भारत रावल सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

