भारत टेक्स 2026 की पूर्व संध्या पर भारत विश्व के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार

Uncategorized

भारत टेक्स 2026:भारतीय वस्त्र उत्कृष्टता से बुना वैश्विक विकास का तानाबाना’

नई दिल्ली, 13 जुलाई 2026: भारत के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र आयोजन भारत टेक्स 2026 की पूर्व संध्या पर देश का संपूर्ण वस्त्र एवं परिधान उद्योग उत्साह और उम्मीदों से भरा हुआ है। 14 से 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहा यह भव्य आयोजन अपनी अंतिम तैयारियों के चरण में है। कल से प्रारंभ होने वाला यह आयोजन भारत की संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला (Textile Value Chain) को एकीकृत वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा।
भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन द्वारा, जो विभिन्न टेक्सटाइल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिलों एवं उद्योग संगठनों का संयुक्त मंच है, भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित यह आयोजन वस्त्र, फैशन, सतत विकास (Sustainability), प्रौद्योगिकी, निवेश और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में भारत की बढ़ती वैश्विक नेतृत्व क्षमता को रेखांकित करता है।


माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी 5F विज़न — Farm to Fibre, Fibre to Factory, Factory to Fashion, Fashion to Foreign से प्रेरित भारत टेक्स 2026 आज व्यवसाय, निवेश, वैश्विक सोर्सिंग, नवाचार, नीतिगत संवाद और रणनीतिक साझेदारियों का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है।
इस अवसर पर भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन के अध्यक्ष श्री नरेन गोयनका ने कहा, “कल से हजारों प्रदर्शक, 7,000 से अधिक खरीदार तथा 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भारत मंडपम पहुंचेंगे और भारत टेक्स के अब तक के सबसे महत्वाकांक्षी संस्करण का हिस्सा बनेंगे। भारत टेक्स 2026 वस्त्र मंत्रालय, टेक्सटाइल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिलों और उद्योग संगठनों के उत्कृष्ट सहयोग का प्रतीक है, जिनके सतत मार्गदर्शन और अमूल्य सहयोग ने इसे वैश्विक स्तर का अग्रणी वस्त्र मंच बनाया है।”

भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन के सह-अध्यक्ष श्री भद्रेश दोधिया ने कहा, “अगले चार दिनों में 4,000 से अधिक B2B व्यावसायिक बैठकों तथा 30 से अधिक समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। भारत टेक्स 2026 को इस प्रकार तैयार किया गया है कि यह केवल संवाद का मंच न होकर, वास्तविक व्यावसायिक निर्णयों, निवेश प्रतिबद्धताओं और दीर्घकालिक साझेदारियों का केंद्र बने।”


इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के अध्यक्ष एवं भारत टेक्स 2026 की कोर कमेटी के सदस्य डॉ. राकेश कुमार ने कहा, “स्टेट इन्वेस्टर कनेक्ट सत्रों से लेकर व्यापार, प्रौद्योगिकी, स्थिरता और शिल्प पर आधारित 100 से अधिक ज्ञान सत्रों तक, इस संस्करण को भारत के संपूर्ण वस्त्र पारिस्थितिकी तंत्र—बड़े निर्यातकों से लेकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) तक—की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। मुझे विश्वास है कि भारत टेक्स 2026 वह संस्करण सिद्ध होगा जिसने इस आयोजन को वैश्विक पहचान के नए शिखर तक पहुंचाया।”
सरकार और राज्यों की मजबूत सहभागिता
भारत टेक्स 2026 में सरकार की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है। मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु प्रायोजक राज्यों (Sponsor States) के रूप में भाग ले रहे हैं। वहीं आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, मणिपुर, राजस्थान और पश्चिम बंगाल प्रदर्शक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के रूप में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

स्टेट इन्वेस्टर कनेक्ट से मिलेगा निवेश को नया प्रोत्साहन
केंद्र, राज्य सरकारों और उद्योग के बीच सहयोग को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना और तमिलनाडु के लिए विशेष स्टेट इन्वेस्टर कनेक्ट सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें निवेश के अवसरों, औद्योगिक अवसंरचना, PM MITRA परियोजनाओं तथा नीतिगत सहयोग पर विशेष चर्चा होगी। गुजरात एवं उत्तर प्रदेश के लिए विशेष PM MITRA Master Developer Session भी आयोजित किया जाएगा।
व्यापार और निवेश रहेगा आयोजन का प्रमुख केंद्र
भारत टेक्स 2026 में 7,000 से अधिक वैश्विक खरीदार, 1.30 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक, 1,600 से अधिक प्रदर्शक, 20,000 से अधिक वस्त्र उत्पाद तथा 16 लाख वर्गफुट से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र शामिल होगा।

भारत की संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला—फाइबर, यार्न, फैब्रिक, परिधान एवं फैशन, होम टेक्सटाइल्स, टेक्निकल टेक्सटाइल्स तथा सहायक उद्योगों—का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही तिरुपुर, इचलकरंजी और अहमदाबाद जैसे प्रतिष्ठित वस्त्र क्लस्टर्स भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, पुर्तगाल, स्पेन, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और नेपाल सहित 14 देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र (UN) एवं यूरोपीय संघ (EU) का संस्थागत प्रतिनिधित्व भी रहेगा। आयोजन के प्रमुख उद्योग प्रायोजकों में Trident, Vardhman Textiles, RSWM, Shahi Exports, Colorjet, Arvind, PDS Limited और Sattva शामिल हैं।

4,000 से अधिक B2B बैठकें और 30 से अधिक समझौते
आयोजन के दौरान 4,000 से अधिक B2B बैठकें, 100 से अधिक B2G बैठकें तथा 30 से अधिक समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। ये समझौते व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, सतत विकास तथा वैश्विक बाजार तक पहुंच जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देंगे।

वैश्विक प्रतिनिधिमंडलों की प्रभावशाली भागीदारी
भारत टेक्स 2026 में 20 से अधिक देशों के 350 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधि, CXOs, नीति-निर्माता एवं विचारक भाग लेंगे। अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष इंटरनेशनल पवेलियन भी स्थापित किया गया है।

न्यूज़ीलैंड, श्रीलंका, जॉर्डन, कंबोडिया और ब्रुनेई के मंत्रीस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों ने आयोजन में भागीदारी में रुचि दिखाई है। वहीं अमेरिका, जापान, स्पेन, ब्रिटेन, पुर्तगाल, रूस, दक्षिण अफ्रीका, न्यूज़ीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका और म्यांमार सहित अनेक देशों के उद्योग एवं व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आयोजन में शामिल होंगे।
भारत-अमेरिका कपास साझेदारी, भारत-न्यूज़ीलैंड ऊन सहयोग, भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता (FTA), जापान उद्योग प्रतिनिधिमंडल तथा रूस-केंद्रित वस्त्र चर्चाएं इस संस्करण के प्रमुख द्विपक्षीय सत्र होंगे।

100 से अधिक ज्ञान सत्र
आयोजन के दौरान 100 से अधिक ज्ञान सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 39 पैनल चर्चाएं, 16 राउंडटेबल, 37 मास्टरक्लास तथा 8 राज्य सत्र शामिल होंगे। 50 से अधिक ज्ञान सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से आयोजित इन सत्रों में व्यापार एवं निवेश, स्थिरता, इंडस्ट्री 5.0, नवाचार, टेक्निकल टेक्सटाइल्स, फैशन, नीति, वैश्विक सोर्सिंग तथा MSMEs की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
CITI Textile Sustainability Awards 2026
भारत टेक्स 2026 के दौरान CITI Textile Sustainability Awards 2026 का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें संसाधन दक्षता, ऊर्जा एवं उत्सर्जन, परिपत्र अर्थव्यवस्था, सतत सामग्री, सामाजिक उत्तरदायित्व, उत्तरदायी व्यवसाय और उद्योग सहयोग जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संगठनों को सम्मानित किया जाएगा।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिलेगा स्मार्ट बिजनेस अनुभव
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए भारत टेक्स 2026 मोबाइल ऐप एवं Pre-Fair Directory को एकीकृत डिजिटल बिजनेस प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। इनके माध्यम से प्रदर्शकों की जानकारी, बैठक निर्धारण, कार्यक्रम नेविगेशन, QR आधारित लीड कैप्चर, डिजिटल बैज, AI आधारित सहायता तथा खरीदार-विक्रेता के बीच पूर्व-निर्धारित बिजनेस मैचमेकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भारत के वस्त्र भविष्य का वैश्विक मंच
कल जब भारत टेक्स 2026 वैश्विक वस्त्र समुदाय के लिए अपने द्वार खोलेगा, तब यह केवल भारत की वस्त्र क्षमता का प्रदर्शन नहीं करेगा, बल्कि विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी, सुदृढ़ और सतत वस्त्र मूल्य श्रृंखलाओं के निर्माण के भारत के संकल्प को भी साकार करेगा। सरकार, उद्योग, निर्यातकों, निवेशकों, नीति-निर्माताओं और निर्माताओं को एक मंच पर लाकर यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने, व्यापार एवं निवेश के नए अवसर सृजित करने तथा वैश्विक वस्त्र मूल्य श्रृंखला में भारत की विश्वसनीय भागीदार के रूप में स्थिति को और सुदृढ़ करेगा।
अधिक जानकारी के लिए:
https://bharat-tex.com/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *