
पलवल, 21 जून। माननीय महानिदेशक कारागार हरियाणा श्री आलोक मित्तल के मार्गदर्शन में जिला कारागार पलवल एवं पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला कारागार परिसर में भव्य योग एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ओ३म् के उद्घोष के साथ हुआ।
योग शिविर का मुख्य उद्देश्य बंदियों में मानसिक तनाव को कम करना, सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उनके सर्वांगीण सुधार को प्रोत्साहित करना रहा। शिविर का संयोजन जिला कारागार अधीक्षक संजीव पातर, पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के मुख्य संयोजक आर्यवीर लॉयन डा. विकास मित्तल एवं सह-संयोजक अल्पना मित्तल द्वारा किया गया।
योग प्रशिक्षक रिंकु जिंदल एवं गुलशन ने बंदियों एवं कारागार कर्मचारियों को भ्रामरी, भुजंगासन, शवासन, प्राणायाम, कपालभाति तथा पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर डा. विकास मित्तल एवं अल्पना मित्तल ने उपस्थित बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करने का भी प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को रोग और भोग दोनों से दूर रखने में सहायक है। उन्होंने विश्व योग गुरु स्वामी रामदेव जी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।
कार्यक्रम के दौरान यथार्थ अस्पताल फरीदाबाद की टीम के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें रक्तचाप, शर्करा ( शुगर) एवं हीमोग्लोबिन की जांच की गई। स्वास्थ्य शिविर का लाभ कारागार कर्मचारियों के साथ-साथ विचाराधीन बंदियों ने भी उठाया।
कार्यक्रम के अंत में जिला कारागार अधीक्षक संजीव पातर ने पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज, यथार्थ अस्पताल फरीदाबाद की टीम, योग प्रशिक्षकों तथा सभी अतिथियों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। शिविर में सभी को शीतल पेय एवं फल भी वितरीत किये गये।
शिविर के सफल आयोजन में उप अधीक्षक जेल दिनेश यादव, उप अधीक्षक जेल सरोज बाला, मेडिकल अधिकारी डा. प्रवीण कथुरिया, वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी विजय कालड़ा, वार्डर मोहित, शीशराम, सुधीर कुमार, सुनील राणा, योगेश तोमर, संदीप, इन्द्र सेन, सत्यादेव, राकेश यादव, गोपाल शर्मा, रोशन, आदताब आलम, सचिन, राजीव, विकल्प एवं रुद्र नारायण सहित अन्य कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।



