भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के आयोजन हेतु कैट एवं आईटीपीओ के बीच ऐतिहासिक एमओयू पर हस्ताक्षर

भारतीय व्यापार महोत्सव 2026-भारत मंडपम।

देश के व्यापारिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट ) तथा इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ ) के बीच “भारतीय व्यापार महोत्सव 2026” के आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता पर हस्ताक्षर किए गए। यह महोत्सव 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा जिसमें भारत के व्यापार एवं उद्योग की क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लगातार आह्वान के मद्देनजर यह महोत्सव “मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड” थीम पर आधारित होगा जो देश के व्यापार, उद्योग, एमएसएमई , स्टार्टअप्स, निर्यातकों, कारीगरों, महिला एवं युवा उद्यमियों को एक साझा राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच प्रदान करेगा।

इस अवसर पर सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि यह भारतीय व्यापार जगत के लिए ऐतिहासिक क्षण है। पहली बार देश के सबसे बड़े व्यापारी संगठन कैट और भारत सरकार की प्रमुख व्यापार संवर्धन संस्था आईटीपीओ संयुक्त रूप से मिलकर इतने बड़े स्तर पर व्यापार एवं उद्योग को वैश्विक मंच देने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि “भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, उद्यमिता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का विराट प्रदर्शन होगा। यह महोत्सव भारतीय व्यापार को नई दिशा, नए अवसर और वैश्विक पहचान देगा।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल”, “मेक इन इंडिया”, “आत्मनिर्भर भारत” और “लोकल टू ग्लोबल” विज़न को आगे बढ़ाने में यह महोत्सव महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और देश तथा विदेश में भारतीय वस्तुओं एवं सेवाओं को बड़ा व्यापार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह करेगा।

महोत्सव की प्रमुख विशेषताएँ जिसमें 1,000 से अधिक भारतीय वस्तुओं के स्टाल, 2 लाख से अधिक व्यापारिक प्रतिनिधियों की भागीदारी, 10 लाख से अधिक विज़िटर्स के आने की संभावना तथा 5,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि इस महोत्सव में भाग लेंगे वहीं केंद्र एवं अनेक राज्य सरकारों के स्टालिन के ज़रिए व्यापार एवं उद्योग के लिए उठाए जा रहे कदमों का भी प्रदर्शन होगा।

महोत्सव में MSMEs, स्टार्टअप्स, कृषि, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल, हस्तशिल्प, ऑटोमोबाइल, लाइफस्टाइल एवं डिजिटल कॉमर्स सहित अन्य अनेक क्षेत्रों की भागीदारी होगी।

इसके साथ ही विशाल प्रदर्शनी, B2B एवं B2G मीटिंग्स, ग्लोबल बायर-सेलर मीट, निवेशक सम्मेलन, स्टार्टअप शोकेस, नीति संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा “शार्क टैंक” शैली के विशेष इन्वेस्टर पिचिंग सेशन भी आयोजित किए जाएंगे।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि यह महोत्सव भारत के व्यापार एवं उद्योग को वैश्विक बाजारों से जोड़ने, निर्यात को बढ़ावा देने, MSMEs एवं स्टार्टअप्स को नई पहचान दिलाने तथा भारत को विश्व व्यापार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने देशभर के व्यापारिक संगठनों, उद्योग समूहों, MSMEs, स्टार्टअप्स, कॉर्पोरेट्स एवं राज्य सरकारों से इस ऐतिहासिक महोत्सव में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top