श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स में कौशल विकास केन्द्र का उद्घाटन

नई दिल्ली, 18 फरवरी: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका, जनरल सेक्रेटरी सरदार जगदीप सिंह काहलों, कॉलेज के चेयरमैन एम.पी.एस. चड्ढा और प्रिंसिपल प्रोफेसर कवल गिल ने आज श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स, पीतमपुरा में कौशल विकास केन्द्र ‘स्किल वर्स’ का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उपस्थित कॉलेज के स्टाफ और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सरदार कालका और सरदार काहलों ने कहा कि आज के युग में स्किल यानी हुनर आधारित शिक्षा सबसे अधिक आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दौर है। उन्होंने खुशी जताई कि इस कौशल विकास केन्द्र का उद्घाटन ऐसे समय में हो रहा है, जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से देश में एआई सम्मेलन भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश की बड़ी हस्तियों सहित 35 हजार से अधिक विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कॉलेज की प्रिंसिपल श्रीमती कवल गिल से अपील की कि कॉलेज के विद्यार्थियों को इस एआई सम्मेलन में भेजा जाए, ताकि वे इस क्षेत्र में हुई प्रगति की सही जानकारी प्राप्त कर सकें और जीवन में इस क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की भी अत्यंत खुशी है कि श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने पिछले कुछ वर्षों में काफी प्रगति की है, जिसका श्रेय प्रिंसिपल और स्टाफ को जाता है, जिन्होंने अपनी मेहनत से यह सब संभव किया है।
इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल कवल गिल ने सरदार कालका और सरदार काहलों का धन्यवाद किया और विश्वास दिलाया कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक कौशल शिक्षा प्रदान करने के लिए इस केंद्र को एक उत्कृष्ट संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस मौके पर कॉलेज के चेयरमैन सरदार एम.पी.एस. चड्ढा, कैशियर सरदार गुरिंदर सिंह राजू, स्किल डेवलपमेंट सेंटर की कोऑर्डिनेटर श्रीमती जसलीन कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

