
नई दिल्ली :-दिल्ली के सदर बाजार में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर व्यापारियों और ट्रैफिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रैफिक पुलिस के सदर बाजार सर्कल के टीआई इंस्पेक्टर समीर श्रीवास्तव, सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा, फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश यादव, कन्फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के महासचिव देवराज बावेजा सहित अनेक व्यापारी और अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में व्यापारियों ने सदर बाजार में रोज़ाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या को विस्तार से रखा। परमजीत सिंह पम्मा, राकेश यादव और देवराज बावेजा ने बताया कि ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़क के बीचों-बीच वाहन खड़ा करने से घंटों जाम लगा रहता है, जिससे व्यापार और आम जनजीवन दोनों प्रभावित होते हैं। विशेष रूप से तेलीवाड़ा फायर स्टेशन के सामने बने नए ई-रिक्शा स्टैंड ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
व्यापारियों ने यह भी बताया कि 12 टूटी चौक से लेकर सदर थाना तक दिल्ली नगर निगम द्वारा एक लेन पार्किंग की अनुमति होने के बावजूद कई वाहन चालक दो से तीन लेन तक वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो जाता है। इस अव्यवस्था के कारण क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि की आशंका जताई गई।
परमजीत सिंह पम्मा ने ट्रैफिक पुलिस से मांग की कि सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक और शाम 7 बजे से 9 बजे तक 12 टूटी, कुतुब रोड, तेलीवाड़ा, मिठाई पुल और सदर थाना चौक पर विशेष रूप से ट्रैफिक अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि पीक आवर्स में जाम से राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने निवेदन किया कि ट्रैफिक अधिकारी चालान करने की बजाय ट्रैफिक को सुचारु रूप से खुलवाने पर अधिक ध्यान दें।
ग्रीन मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष वरिंदर अरोड़ा और फेडरेशन के कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल ने बताया कि ट्रैफिक जाम के चलते आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। कई बार एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी जरूरी सेवाएं समय पर नहीं पहुंच पातीं, जिससे गंभीर हालात पैदा हो जाते हैं।
बारी मार्केट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील पुरी और कुलदीप सिंह ने बताया कि पटरी और अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे लोग सड़क पर उतरते हैं और जाम और बढ़ जाता है।
सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए ट्रैफिक अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा स्टैंड की व्यवस्था, पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन, अतिक्रमण हटाने और अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती पर कार्य किया जाएगा। साथ ही समय-समय पर व्यापारियों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान निकाला जाएगा।
इस अवसर पर व्यापारी नेता हरजीत सिंह छाबड़ा, रजनीश बहियाना, नरेश ढींगरा, पम्मी माखन, दीपक निबल, संदीप खन्ना, तरुण सोनी, अनुज जैन सहित कई व्यापारियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
