
➢ दिल्ली की पहली पूर्णतः सीएनजी-चालित, ट्रक-माउंटेड मैकेनिकल रोड स्वीपर मशीन के साथ एनडीएमसी ने स्वच्छ सड़कों की दिशा में बढ़ाया एक महत्वपूर्ण कदम।
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर, 2026
यांत्रिक स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सड़क की धूल से होने वाले प्रदूषण पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विधायक एवं नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के सदस्य श्री वीरेंद्र सिंह कादियान ने आज पालिका केंद्र, नई दिल्ली से एक मैकेनिकल रोड स्वीपर (एमआरएस) मशीन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सचिव, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद श्री राहुल सिंह सहित परिषद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह मैकेनिकल रोड स्वीपर मशीन विधायक निधि के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, जो शहरी स्वच्छता व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह दिल्ली की पहली पूर्णतः सीएनजी-चालित, ट्रक-माउंटेड मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन है। इसमें 6 घन मीटर क्षमता वाला धूल संग्रहण हॉपर तथा सड़क की सफाई के दौरान धूल को नियंत्रित करने के लिए जल छिड़काव प्रणाली लगी हुई है।
इस पहल का उद्देश्य आधुनिक एवं तकनीक-आधारित समाधानों को अपनाकर मैनुअल सफाई पर निर्भरता कम करना, परिचालन दक्षता बढ़ाना, सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा में सुधार करना तथा टिकाऊ शहरी कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देना है।
एमआरएस मशीन में घूमने वाले साइड ब्रश तथा धूल एवं कचरे को एकत्र करने की ऑन-बोर्ड प्रणाली लगी हुई है। यह ट्रक-माउंटेड मशीन सड़क पर मौजूद धूल, रेत, बजरी, पत्थर तथा सूखी वनस्पति को प्रभावी ढंग से एकत्र कर संग्रहण हॉपर में जमा करती है। इससे सफाई के दौरान धूल के दोबारा हवा में फैलने की समस्या कम होती है तथा वायु गुणवत्ता में सुधार लाने में सहायता मिलती है।
एनडीएमसी ने अपने अधिकार क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक व्यापक एवं आवश्यकता-आधारित मशीनीकरण रणनीति लागू की है। इसके अंतर्गत यांत्रिक सफाई की प्रक्रिया को एक सुव्यवस्थित क्रम में संचालित किया जाता है। इसकी शुरुआत बागवानी क्षेत्रों में लीफ ब्लोअर के माध्यम से पत्तियों को हटाने से होती है। इसके बाद सड़कों की सफाई तथा एकत्रित बागवानी अपशिष्ट को हटाया जाता है। तत्पश्चात प्रमुख एवेन्यू सड़कों पर मैकेनिकल रोड स्वीपर (MRS) के माध्यम से यांत्रिक सफाई की जाती है, जिससे बड़े स्तर पर एकसमान सफाई सुनिश्चित करने और धूल हटाने में सहायता मिलती है।
इस प्रक्रिया के साथ कूड़ा-कचरा संग्रहण तथा धूल को नियंत्रित करने के लिए उच्च दबाव वाली जलधारा से सफाई की व्यवस्था भी की जाती है। बाजारों, गलियारों, खुले सार्वजनिक स्थलों, फुटपाथों तथा सड़क किनारे के क्षेत्रों की गहन सफाई प्रत्येक 15 दिन के अंतराल पर की जा रही है।
मशीनों की पूर्व तैनाती के संबंध में, वर्तमान में एनडीएमसी क्षेत्र में 10 मैकेनिकल रोड स्वीपर (MRS) मशीनें संचालित हैं, जो दिन और रात की पालियों में लगभग 350 से 400 किलोमीटर सड़क क्षेत्र की सफाई करती हैं। इनमें से 05 मशीनें पुरानी हैं, जबकि मार्च 2026 में एनडीएमसी द्वारा 05 नई एमआरएस मशीनें शामिल की गई हैं।
एमआरएस को केंद्र में रखकर अपनाई गई यह एकीकृत एवं तकनीक-आधारित कार्यप्रणाली विभिन्न सफाई गतिविधियों के बेहतर क्रम निर्धारण, संसाधनों के कुशल उपयोग तथा एनडीएमसी क्षेत्र में स्वच्छता के स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित करती है।
इस पहल के माध्यम से एनडीएमसी का उद्देश्य नवीन तकनीकों और टिकाऊ कार्यप्रणालियों के समन्वय से शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करना है। यह पहल एक स्वच्छ, हरित और आधुनिक नई दिल्ली के निर्माण के प्रति परिषद की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।
……………………………

