मान्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले।

Uncategorized

नई दिल्ली: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री, माननीय श्री रामदास आठवले जी ने आज यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर माननीय आठवले जी ने तीसरी बार राज्यसभा सदस्य के रूप में अवसर प्रदान करने हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके प्रति प्रधानमंत्री जी के विश्वास और मार्गदर्शन का प्रतीक है, जिसे वे पूर्ण निष्ठा के साथ निभाते रहेंगे।

माननीय आठवले जी ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर देश में सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

भेंट के दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति (SC) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति में वृद्धि का विषय भी प्रधानमंत्री जी के समक्ष रखा, जिससे इन वर्गों के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

माननीय आठवले जी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर जी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में इन मूल्यों को और सशक्त किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जनगणना के दौरान बौद्ध धर्म अपनाने वाले व्यक्तियों के लिए उचित वर्गीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आरक्षण के लाभ से वंचित न होना पड़े।

अंत में, माननीय आठवले जी ने कहा कि वे आगामी समय में देशभर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की विचारधारा, सामाजिक समरसता एवं संविधान के मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *