
नई दिल्ली :* दक्षिणी दिल्ली के शाहपुर जट गाँव में सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने, महिलाओं को शिक्षित एवं हुनरमंद बनाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एक विशेष पहल की शुरुआत की गई है। इस पहल के अंतर्गत महिलाओं के लिए सखीशाला’ (नारी सशक्तिकरण केंद्र), बच्चों के लिए ‘वात्सल्यशाला’तथा गाँव की सांस्कृतिक विरासत से नागरिकों को परिचित कराने के लिए एक विरासत मानचित्र तैयार किया गया है। इस संपूर्ण कार्य में पर्ल अकादमी, शाहजहानाबादी फाउंडेशन, इखत चैरिटेबल ट्रस्ट और शाहपुर जट गाँव की आरडब्ल्यूए का सामूहिक प्रयास रहा। इन सभी पहलों के उद्घाटन का आयोजन शाहपुर जट गाँव के निवासियों के लिए किया गया।

शाहपुर जट गाँव में नई उम्मीद जगाने के उद्देश्य से पर्ल अकादमी के स्कूल ऑफ इंटीरियर एवं आर्किटेक्चरल डिज़ाइन के विद्यार्थियों द्वारा गाँव का विस्तृत सर्वेक्षण किया गया। इस सर्वेक्षण के माध्यम से गाँव की सांस्कृतिक विरासत, महिलाओं की आवश्यकताओं और स्थानीय समुदाय की जरूरतों पर शोध किया गया। इसी शोध के आधार पर व्याख्याता अभिषेक जैन के नेतृत्व में सखीशाला एवं वात्सल्यशाला का आंतरिक सज्जा एवं स्थान नियोजन तैयार किया गया।

इस कार्य में इखत चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापक सुश्री चांदनी थडानी, पर्ल अकादमी के स्कूल ऑफ इंटीरियर एवं आर्किटेक्चरल डिज़ाइन की डीन सुश्री भाग्यश्री शर्मा तथा विभागाध्यक्ष सुश्री रुचिरा बहल का विशेष सहयोग रहा। इस पहल की शुरुआत दिल्ली के शाहपुर जट गाँव स्थित पुराना शिव मंदिर परिसर से की गई।

इस पूरे प्रयास में स्थानीय निवासियों और विशेष रूप से गाँव की आरडब्ल्यूए का भरपूर सहयोग मिला। उनके सहयोग से गाँव की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक रहन-सहन, खान-पान, रीति-रिवाजों और परंपराओं की ओर स्थानीय निवासियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिणी दिल्ली की जिला युवा अधिकारी, मेरा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की श्रीमती नीलू थडानी उपस्थित रहीं। गाँव की आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष कुलदीप पवार का भी इस पहल में विशेष सहयोग रहा।

शाहजहानाबादी फाउंडेशन के संस्थापक अभिषेक जैन ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत गाँव की सांस्कृतिक विरासत को खोजने, समझने और उसका दस्तावेज़ीकरण करने का प्रयास किया गया है। इसी प्रयास का परिणाम गाँव का विरासत मानचित्र है। इस मानचित्र के माध्यम से गाँव की आने वाली पीढ़ियाँ और युवा अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और ऐतिहासिक पहचान को आसानी से जान और समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर के सभी शहरी गाँवों की सांस्कृतिक विरासत को इसी प्रकार खोजने, संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर पर्ल अकादमी के स्कूल ऑफ इंटीरियर एवं आर्किटेक्चरल डिज़ाइन की डीन सुश्री भाग्यश्री शर्मा और विभागाध्यक्ष सुश्री रुचिरा बहल भी उपस्थित रहीं।
इखत चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापक सुश्री चांदनी थडानी ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सखीशाला के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा। इन योजनाओं के अंतर्गत महिलाओं को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों को दिल्ली-एनसीआर के अन्य गाँवों में भी शुरू किए जाने की आवश्यकता है।

पर्ल अकादमी के विद्यार्थियों द्वारा इस परियोजना के अंतर्गत किए गए कार्यों को सुंदर और व्यवस्थित ढंग से संजोया गया। विद्यार्थियों के रचनात्मक योगदान और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि श्रीमती नीलू थडानी, जिला युवा अधिकारी, मेरा भारत, भारत सरकार ने कहा कि उन्हें इस पहल का हिस्सा बनकर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जहाँ सरकार नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-ज़ी (युवा पीढ़ी) के लिए विभिन्न योजनाएँ बना रही है, वहीं सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से शाहपुर जट गाँव में एक नई परंपरा की शुरुआत की गई है। इस पहल के द्वारा गाँव की विरासत, परंपराओं और संस्कृति की जानकारी आज के युवाओं और महिलाओं तक पहुँचाई जा रही है। उन्होंने इसे एक सराहनीय और प्रेरणादायक प्रयास बताया।

