दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कनॉट प्लेस में तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई ,

Uncategorized

देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस में 6,000 विद्यार्थियों, कर्मचारियों और नागरिकों के साथ ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया,

  • देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस में 6,000 विद्यार्थियों, कर्मचारियों और नागरिकों के साथ ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया,
  • दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कनॉट प्लेस में तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई ,
  • “तिरंगा यात्रा केवल हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण के संकल्प की यात्रा है” : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता.

नई दिल्ली, 17 अगस्त 2026.

देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन के रूप में दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री – श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ( एनडीएमसी ) द्वारा नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित जनपथ रेडियल, इनर सर्कल से आयोजित “तिरंगा यात्रा” को हरी झंडी दिखाई।

मुख्यमंत्री के साथ तिरंगा यात्रा में नई दिल्ली नगरपालिका अध्यक्ष – श्री मनोज कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष – श्री कुलजीत सिंह चहल, परिषद के सदस्य – श्री दिनेश प्रताप सिंह, श्री अनिल वाल्मीकि एवं श्रीमती सरिता तोमर, एनडीएमसी सचिव – श्री राहुल सिंह, एनडीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा समाज के विभिन्न वर्गों से आए नागरिक शामिल हुए।

“हर घर तिरंगा–2026” अभियान के तहत आयोजित इस तिरंगा यात्रा में 6000 से अधिक एनडीएमसी के विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों, अभिभावकों, एनडीएमसी कर्मचारियों, विशिष्ट अतिथियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अत्यंत गर्व और उत्साह के साथ तिरंगा हाथ में लेकर कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में एक साथ मार्च किया तथा देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया।

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री – श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि हाथों में तिरंगा लेकर चलना केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रेम, गौरव, सम्मान और देशभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह तिरंगा यात्रा ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प की यात्रा है और इसमें शामिल बड़ी संख्या में बच्चे और युवा भारत की नई ऊर्जा व सामर्थ्य के प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा माननीय प्रधानमंत्री – श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनी है। तिरंगा हाथ में लेकर चल रहा प्रत्येक नागरिक ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने रेखांकित किया कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक भारतीय का सामूहिक योगदान अनिवार्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी द्वारा बताई गई ‘सप्तधारा’ के माध्यम से भारत की विकास यात्रा को एक नई गति मिलेगी, और देश का हर नागरिक इस ऐतिहासिक बदलाव का साक्षी और सहयोगी बनेगा।

तकनीकी और औद्योगिक प्रगति पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, सॉफ्ट स्किल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित प्रत्येक क्षेत्र में भारत नेतृत्व करने की अपार क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल एक सपना नहीं, बल्कि एक मिशन है, जिसके लिए पूरे देश को मिशन मोड में काम करना होगा।
बच्चों और युवाओं को विकसित भारत का मुख्य आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि जब देश के युवा पढ़ेंगे, नए विचार सोचेंगे और राष्ट्रहित में नवाचार करेंगे, तो भारत की प्रगति को एक नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए आने वाले समय में विश्व का नेतृत्व करेगा।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष – श्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि “आज आयोजित की जा रही तिरंगा यात्रा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री – श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आयोजित हो रही है। तिरंगा भारत के सम्मान, गौरव और पहचान का प्रतीक है—इसी भावना के साथ हम पूरे आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आज जब स्कूली बच्चे, कॉलेज के विद्यार्थी और कर्मचारी , अधिकारी, समाज के प्रत्येक वर्ग से नागरिक इस तिरंगा यात्रा में भाग ले रहे हैं, तो उनके मन में यह विश्वास है कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री के विजन तथा उनके नेतृत्व में परिकल्पित राष्ट्र निर्माण की भावना को साकार किया जा सकता है।”

श्री चहल ने बताया कि तिरंगा यात्रा कनॉट प्लेस के इनर सर्कल से होकर आगे बढ़ी। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे राजधानी के हृदयस्थल में राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का प्रेरणादायक वातावरण बन गया। इनर सर्कल का एक पूरा चक्कर लगाने के बाद यात्रा का समापन हुआ।

उन्होंने कहा कि एनडीएमसी के विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी ने इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। यह परिषद के युवा मनों में देशभक्ति, नागरिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को बढ़ावा देने के प्रयास को दर्शाता है। तिरंगा यात्रा ने समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक राष्ट्रीय प्रतीक के तहत एक साथ आने का मंच भी प्रदान किया। इससे यह संदेश और मजबूत हुआ कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय की साझा पहचान, आकांक्षाओं और एकता का प्रतीक है।

कार्यक्रम का समापन नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा–2026’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और राष्ट्रीय ध्वज को गर्वपूर्वक प्रदर्शित करने के नए आह्वान के साथ हुआ। यह स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना का उत्सव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *