
17वाँ जनजातीय युवा आदान-प्रदान, और शिक्षा कार्यक्रम
(मेरा युवा भारत, दक्षिण दिल्ली जिला)
मेरा युवा भारत, दक्षिण दिल्ली जिला, दिल्ली राज्य द्वारा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में तथा गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 24 नवम्बर से 30 नवम्बर 2025 तक 17वाँ जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के पाँचवें दिवस, दिनांक 28.11.2025 को दक्षिण दिल्ली जिले की जिला युवा अधिकारी श्रीमती नीलू थडानी तथा श्री रमेश कुमार सोनी के मार्गदर्शन में पाँच राज्यों से आए सभी युवा साथियों को मदर डेयरी प्लांट, पटपड़गंज, दिल्ली में औद्योगिक भ्रमण के लिए ले जाया गया। वहाँ श्री आर. पिल्लई जी द्वारा प्रतिभागी युवाओं को संयंत्र का विस्तृत भ्रमण कराते हुए उसकी तकनीकी कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया तथा यह समझाया गया कि मदर डेयरी के परदे के पीछे दुग्ध प्रसंस्करण एवं अन्य उत्पादों की संपूर्ण प्रक्रिया किस प्रकार संचालित होती है।

इसके उपरांत, सभी दलों को क्षेत्रीय निदेशक, मेरा युवा भारत ( उत्तरी क्षेत्र) श्री डॉ. लाल सिंह जी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रपति भवन का भीतर से भ्रमण कराया गया। यह अनुभव सभी प्रतिभागियों के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण, प्रेरक एवं अविस्मरणीय पल सिद्ध हुआ।
सांध्य समय में प्रतिभागी युवाओं एवं उनके एस्कॉर्ट अधिकारियों को दिल्ली मेट्रो रेल की यात्रा कराई गई, जिससे उन्हें राष्ट्रीय राजधानी की आधुनिक सार्वजनिक परिवहन प्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
यह सम्पूर्ण कार्यक्रम जनजातीय युवाओं के सशक्तिकरण, उनके व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्र-निर्माण में उनकी सार्थक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी पहल है।
