
कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि ममता बनर्जी की अगुआई वाली तृणमूल कांग्रेस, जो पश्चिम बंगाल में लगातार 15 सालों तक सत्ता में रही, चुनावी नतीजे आने के कुछ ही हफ़्तों में इतने नाटकीय ढंग से टूट जाएगी। कई राजनीतिक विश्लेषकों ने भविष्यवाणी की थी कि अगर पार्टी चुनाव हारती है तो उसका भविष्य अनिश्चित हो जाएगा, लेकिन घटनाक्रम इतनी तेज़ी से बदल जाएगा, यह कम ही लोगों ने सोचा होगा। असलियत यह है कि तृणमूल कांग्रेस सिर्फ़ दरारों में नहीं बँटी, बल्कि अब कहा जा सकता है कि यह तीन अलग-अलग हिस्सों में टूट गई है। कई पर्यवेक्षकों ने इसे ‘भीतर से ढहना’ कहा है। एक तरफ़, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीते ज़्यादातर नए विधायक एक अलग गुट बना चुके हैं। ऋतब्रत बनर्जी की अगुवाई में यह गुट ख़ुद को ‘असली तृणमूल’ कह रहा है। कोलकाता में यह गुट विधानसभा में सत्तारूढ़ बीजेपी का मुख्य विपक्षी दल की भूमिका निभा रहा है। दूसरी तरफ़, दिल्ली में कम-से-कम 20 लोकसभा सांसदों ने स्पीकर को पत्र लिखकर बताया है कि वे पुरानी पार्टी छोड़ रहे हैं और एक अनजान, अल्पज्ञात पार्टी एनसीपीआई में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि वे केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एनडीए का समर्थन करेंगे। इन दोनों से बिल्कुल अलग, ममता बनर्जी – जो काग़ज़ पर अब भी तृणमूल कांग्रेस की सर्वोच्च नेता बनी हुई हैं।
पिछले कुछ हफ़्तों में बग़ावत करने वाले लगभग हर छोटे, मध्यम और वरिष्ठ तृणमूल नेता ने एक ही बात कही है: पार्टी के भीतर जिस ‘दमघोंटू माहौल’ की शिकायत वह कर रहे हैं, उसके लिए सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी एक ही व्यक्ति की है। वह व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि ममता बनर्जी के प्रिय भतीजे और उनके अनौपचारिक राजनीतिक उत्तराधिकारी अभिषेक बनर्जी हैं। कई सालों तक कार्यकर्ता और नेता उन्हें पहले पार्टी का ‘युवराज’ और बाद में ‘कमांडर’ कहते रहे। लेकिन वे यह भी जानते थे कि संगठन की असली कमान धीरे-धीरे इसी कमांडर के हाथों में जा रही है। दरअसल, जिस तरह अभिषेक बनर्जी ने पार्टी को कॉर्पोरेट अंदाज़ में चलाया और अपने चारों ओर एक सीमित आंतरिक मंडली बना ली, उससे ज़मीनी स्तर और शीर्ष नेतृत्व के बीच दूरी बढ़ती गई। कुछ दिन पहले राज्यसभा से इस्तीफ़ा देने वाले पूर्व तृणमूल नेता सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि, “एक व्यक्ति था जो सबकी पहुँच से पूरी तरह बाहर था. उससे संवाद करना बिल्कुल असंभव था”।
हालाँकि उन्होंने नाम सीधे नहीं लिया, लेकिन उनका निशाना अभिषेक बनर्जी ही थे। रॉय ने यह भी खुलकर आलोचना की कि अभिषेक बनर्जी ‘आठ-दस वफ़ादारों के साथ चलते थे’ और जो भी बोलने की कोशिश करता, उसे उनके सहयोगी कहते, ‘तुम्हें लगता है कि तुम बहुत जानते हो’। कई पुराने नेताओं का तर्क है कि अभिषेक बनर्जी ने पार्टी के संगठनात्मक आधार को मूल रूप से बदल दिया और इससे भारी नुकसान हुआ।
उनके अनुसार, ममता बनर्जी की सबसे बड़ी राजनीतिक ताक़त यह थी कि वे आम लोगों की नब्ज़ समझ लेती थीं और उनकी भावनाओं व आकांक्षाओं को राजनीति में ढाल देती थीं। लेकिन अभिषेक बनर्जी ने कॉर्पोरेट-स्टाइल अनुशासन लाने की कोशिश में तृणमूल और आम जनता के बीच बड़ी दूरी पैदा कर दी।

