
गुमला, प्रतिनिधि। गुमला जिला के ग्राम खरका में 14 फरवरी 2026 को “एक शाम शहीदों के नाम” सह झारखण्ड विभूति सम्मान समारोह 2026 का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गुमला सत्य चैरिटेबल एंड वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा किया गया। यह आयोजन वर्ष 2019 में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से समर्पित रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की स्मृति में दीप प्रज्वलन, पुष्पांजलि और श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक गुमला श्री हारीश बीन जमाँ ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने शहीदों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग देशवासियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता श्री आनंद साहु ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए ग्रामीणों से शिक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
सांस्कृतिक प्रस्तुति में देशभक्ति का रंग
समारोह की शुरुआत मुंबई से आई बाल गायिका देवना श्रेया (देवी) द्वारा “ऐ मेरे वतन के लोगों” की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुई, जिसे सुनकर उपस्थित लोग भावुक हो उठे। इसके बाद नागपुरी गायक पवन राय, पंकज, नीतिश कच्छप, गायिका बरखा बड़ाईक, सरस्वती गुमकर और अक्षिता श्रेष्ठ ने देशभक्ति, हिंदी और नागपुरी गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
झारखण्ड विभूति सम्मान 2026 प्रदान
कार्यक्रम के दूसरे चरण में साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली झारखंड की विभूतियों को “झारखण्ड विभूति सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में लोकगायक अभिमन्यु नायक, बंधु नायक, केश्वर सिंह, अभियंता मो. अकबर इमाम, डॉ. शीतल कुमार उरांव, केदार नाथ दास, तीरंदाज अनुराधा कुमारी, कृष चन्द्र देव, कोच डॉ. प्रकाश राम, प्रशिक्षक शिशिर महतो और करण कुमार कर्मकार शामिल रहे। सभी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथियों का हुआ सम्मान
समारोह में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों को ट्रस्ट की ओर से अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच खेल सामग्री और स्कूल बैग का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। आयोजन का संचालन ट्रस्ट की अध्यक्षा श्रीमती सत्या देवी, सचिव अंकिता तिवारी, उपाध्यक्ष शिल्पी तिवारी और कोषाध्यक्ष उज्जवल तिवारी के नेतृत्व में किया गया।
समारोह के माध्यम से शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ राज्य की प्रतिभाओं को सम्मानित कर सामाजिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया।

