एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट ने विजनस्प्रिंग फाउंडेशन के साथ मिलकर लोगों तक बुनियादी आई-केयर सेवाएं पहुंचाने के लिए की साझेदारी

Uncategorized

विजनस्प्रिंग फाउंडेशन के साथ मिलकर बुनियादी आई-केयर सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए दो मोबाइलआईज क्लिनिक वैन शुरू की गईं
ये वैन नई दिल्ली और बैंगलोर के उन इलाकों में चलेंगी जहां लोगों को अभी तक ऐसी सुविधाएं ठीक से नहीं मिल पा रही हैं
इस पहल के जरिए हर साल करीब 10,000 लोगों की आंखों की जांच करने और 7,500 तक चश्मों का वितरण करने का लक्ष्य है
यह पहल दूरी, खर्च और समय की कमी जैसी बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से बनाई गई है

नई दिल्ली, भारत, 17 अगस्त 2026: एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एसबीआईएफएमएल) ने समुदाय की सेहत को बेहतर बनाने की अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) प्रतिबद्धता के तहत विजनस्प्रिंग फाउंडेशन के साथ मिलकर दो मोबाइलआईज क्लिनिक वैन शुरू की हैं। इस पहल का मकसद नई दिल्ली और बैंगलोर के उन इलाकों में लोगों तक प्राथमिक नेत्र देखभाल सेवाएं पहुंचाना है, जहां अभी तक ऐसी सुविधाएं ठीक से नहीं मिल पा रही हैं।
इस पहल के जरिए एसबीआईएफएमएल का लक्ष्य है कि हर साल करीब 10,000 लोगों की आंखों की जांच हो सके और जिन्हें बुनियादी नजर सुधार की जरूरत है, उनके लिए 7,500 तक चश्मे बांटे जा सकें। ये मोबाइल यूनिट रिहायशी इलाकों, कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और ट्रांसपोर्ट हब में जाकर काम करेंगी, जिससे दूरी, खर्च और आई-केयर सेवाओं तक सीमित पहुंच जैसी दिक्कतें कम होंगी।
इस पहल को लागू करने वाली पार्टनर के तौर पर विजनस्प्रिंग फाउंडेशन पूरी तरह से आंखों की जांच करेगी, प्रेस्बायोपिया (उम्र के साथ नजर कमजोर होने की समस्या) के लिए सुधार वाले चश्मे देगी, और जिन लोगों को आगे इलाज की जरूरत होगी, जैसे मोतियाबिंद से जुड़ी दिक्कत वाले मरीज, उन्हें सही डॉक्टर या अस्पताल के पास भेजेगी। जिन लोगों को आगे मदद चाहिए होगी, उनके लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन भी उपलब्ध रहेगी। नई दिल्ली में हुए इस लॉन्च कार्यक्रम में एसबीआईएफएमएल और विजनस्प्रिंग फाउंडेशन के सीनियर अधिकारी मौजूद रहे, साथ ही नेत्र स्वास्थ्य क्षेत्र के अन्य प्रमुख हितधारक इसमें शामिल हुए।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ श्री देबाशीष मिश्रा ने कहा, “एसबीआईएफएमएल समुदाय पर केंद्रित उन पहलों का साथ देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो लोगों तक बुनियादी सेवाएं पहुंचाने में मदद करती हैं। इस कार्यक्रम के जरिए हम उन लोगों तक बुनियादी आई-केयर सेवाएं पहुंचाना चाहते हैं, जिन्हें ऐसी सेवाएं लेने में दिक्कत होती है। विजनस्प्रिंग फाउंडेशन के साथ हमारी यह साझेदारी समुदाय की भलाई के लिए जिम्मेदारी से काम करते रहने की हमारी कोशिश को दिखाती है।”
विजनस्प्रिंग फाउंडेशन में भारत के मैनेजिंग डायरेक्टर अंशु तनेजा ने कहा, “स्पष्ट दृष्टि प्रत्येक व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं आजीविका के लिए बेहद जरूरी है। लेकिन ऐसे इलाकों में जहां सुविधाएं ठीक से नहीं पहुंच पातीं, वहां के लोगों को अच्छी और किफायती आई-केयर सेवा पाने में कई तरह की दिक्कतें आती हैं, चाहे वह पास के अस्पताल या क्लिनिक की दूरी हो, आने-जाने का ज्यादा खर्च हो, काम के घंटों में लचीलापन न होना हो, या चश्मा पहनने को लेकर समाज में बनी झिझक हो। मोबाइलआईज क्लिनिक वैन के जरिए हम इन्हीं सभी दिक्कतों को दूर करना चाहते हैं, और अच्छी व किफायती आई-केयर सेवा को सीधे लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड के साथ इस साझेदारी से हम ज्यादा जरूरतमंद लोगों तक पहुंच पा रहे हैं और उन्हें साफ देखने के लिए जरूरी चश्मे दिलाने में मदद कर पा रहे हैं।”
आने वाले साल भर में एसबीआईएफएमएल और विजनस्प्रिंग फाउंडेशन मोबाइलआईज क्लिनिक वैन की पहुंच और असर पर नजर रखेंगे, और इस पहल को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को लंबी दूरी तय किए बिना सही आई-केयर सेवा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *