
बंसी लाल रिपोर्ट :-
देश का सबसे बड़ा स्ट्रीट फूड फेस्टिवल 12 दिसंबर से
- 15 वाँ नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में बिखेरेगा स्वाद का जादू
- देश के 27 राज्यों से 500 से ज्यादा व्यंजन
- स्वाद , मनोरंजन और कला का भव्य फेस्टिवल
- नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया ( नासवी ) द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जाता है नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल
फाइल फोटो : क्यू आर कोड के रूप में संलग्न हैं । सांकेतिक फोटो स्कैन करके गूगल ड्राइव से लिया जा सकता है ।
नई दिल्ली । देश का सबसे बड़ा स्ट्रीट फूड फेस्टिवल एक बार फिर से दिल्ली वालों के दिल में बसने के लिए तैयार है । 12 दिसंबर , दिन शुक्रवार से दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 15 वाँ नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल धूमधाम से आयोजित होने जा रहा है ।
तीन दिवसीय नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल 12 दिसंबर से 14 दिसंबर तक चलेगा । जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर 14 से इस फेस्टिवल की एंट्री रखी गई है ।
यह फेस्टिवल देश भर के पटरी दुकानदारों के हितों के लिए काम करने वाली सबसे बड़ी संस्था “नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया ” ( नासवी ) द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जाता है । पर इस बार यह फेस्टिवल अब तक का सबसे बड़ा फेस्टिवल होगा ।
देश भर के लाखों पटरी दुकानदार , रेहड़ी खुमचे वाले एवं स्ट्रीट फूड वेंडर्स नासवी के साथ संघर्ष के 25 वर्ष की सिल्वर जुबली मना रहे हैं । इसलिए इस बार देश के 27 राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 500 से ज्यादा स्ट्रीट फूड वेंडर्स , 500 से ज्यादा व्यंजन लेकर फूड फेस्टिवल में परोसने के लिए तैयार रहेंगे ।
इस अनोखे स्ट्रीट फूड फेस्टिवल में स्वाद , मनोरंजन और कला का बेहतरीन संगम है । जिसे दिल्ली वाले , दिल्ली में आए हुए देसी विदेशी सैलानी खूब सराहते हैं ।
इस फेस्टिवल में देश के सेलिब्रिटी शेफ इन सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स का हौसला बढ़ाने के लिए फेस्टिवल में मौजूद रहेंगे ।
देश के कोने कोने से आए पारंपरिक भोजन के साथ साथ इस बार दिल्ली वालों के लिए भरपूर मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है । देश के जाने माने गायक कैलाश खेर समेत देश के कई जाने माने कलाकार लाइव प्रस्तुति देंगे । इसके अलावा श्रीलंका की “योहानी ” नाम से मशहूर गायिका योहानी डीलोका डी सिलवा अपने पॉप संगीत से फेस्टिवल में समां बांधेंगी ।
इतना ही नहीं , फेस्टिवल में बच्चों के लिए भी कई मनोरंजन से भरपूर कार्यक्रम रखे गए हैं ।
इनसेट
बाइट 1.
संगीता सिंह ,
हेड , स्ट्रीट फूड फेस्टिवल , इंडिया
यह एक अनोखा उत्सव है जहाँ हम भारत की जीवंत खाद्य संस्कृति के वाहक स्ट्रीट फ़ूड विक्रेताओं के ज़रिए स्ट्रीट फ़ूड का असली स्वाद दिल्ली लेकर आते हैं। यह विविधता को एक मंच पर लाने का प्रयास है जहाँ स्वाद , संगीत, खुशी , मनोरंजन और गर्मजोशी का संगम होता है। आगंतुकों के लिए यह भारत को अपने स्वाद के अनुसार अनुभव करने का एक शानदार अनुभव है, और विक्रेताओं के लिए यह उद्यमिता सीखने का एक शानदार अवसर है।
बाइट : 2
बहुत खुशी है कि इस सप्ताह 15 वाँ नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल 2025 का आयोजन हो रहा है । देश में स्ट्रीट फूड संस्कृति बढ़ाने और रेहड़ी वालों को शहरों में समावेशित करने के लिए इस फेस्टिवल का अनोखा योगदान रहा है । इसके माध्यम से दिल्ली एन सी आर वालों को न सिर्फ स्ट्रीट फूड की विभिन्नता एवं स्वाद का अनुभव होता है । बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से आए फूड वेंडर को अपने रोजगार का महत्व तथा अपने व्यापार को और आगे ले जाने का तरीका भी पता चलता है ।
अरबिंद सिंह
नेशनल कॉर्डिनेटर
नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया ( नासवी )
व्यंजनों के बीच होगी जंग
इस बार स्ट्रीट फूड फेस्टिवल का एक और आकर्षण रहेगा । देश भर से आने वाले व्यंजनों के बीच प्रतिस्पर्धा रखी गई है । बिरयानी , चाट , गोलगप्पा जैसे व्यंजनों के अपने अपने राज्यों के अलग अलग रंग रूप और स्वाद होता है । देखना दिलचस्प होगा इनमें से स्वाद का किंग कौन होगा ।
बिरयानी बैटल
हैदराबाद , कोलकाता , कश्मीर , मालाबार और लखनऊ की बिरयानी का अनोखा कंपटीशन रहेगा ।
चाट धमाल
चाट धमाल में पानीपुरी वर्सेज गोलगप्पा । इस कंपटीशन के अंतर्गत 5 राज्यों के अलग अलग तरह के पानी पूरी का कंपटीशन होगा ।
चाय जंक्शन
10 तरह की चाय का स्टॉल लगेगा जहां देश के अलग अलग हिस्सों की चाय की चुस्कियां एक जगह पर लिया जा सकता है ।
बच्चों के लिए कुछ खास
फेस्टिवल में बच्चों के मनोरंजन के लिए ” दिल तो बच्चा है ” कार्यक्रम का आयोजन 12,13 और दिसंबर को होगा । जिसके अंतर्गत बॉल एंड बास्केट , रोप गेम , म्यूजिकल चेयर गेम , पेंटिंग कंपटीशन , क्विज आदि कई सारे कार्यक्रम आयोजित होंगे । फिल्म इंडस्ट्री में उभरते हुए कलाकार आरुष वर्मा के साथ बच्चों का संवाद भी होगा ।
फेस्टिवल में पर्सनल हाइजीन के साथ बच्चों के पसंदीदा व्यंजनों के स्टॉल लगेंगे । जिसमें कैंडी , स्वीटकॉर्न , चुस्की , चाइनीज भेल आदि व्यंजन रहेंगे ।
प्रमुख आकर्षण
- देश भर से 500 से ज्यादा स्ट्रीट फूड वेंडर्स के पारंपरिक स्वादिष्ट व्यंजन
- देश के नामचीन सेलिब्रिटी शेफ की शिरकत
- भारत के मशहूर गायक कैलाश खेर , रैपर एम सी स्क्वेयर, गायक खुल्लर जी की विशेष प्रस्तुति
- अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त श्रीलंका की युवा कलाकार गायक योहानी की विशेष प्रस्तुति
- क्राफ्ट और हैंडीक्राफ्ट की एग्जिबिशन फेस्टिवल में इंटरनेशनल स्वाद
फेस्टिवल इंटरनेशनल क्विजीन के अंतर्गत तिब्बत , नेपाल , अफगानिस्तान , फिलीपींस देशों के स्वाद भी फेस्टिवल की शोभा बढ़ाएंगे ।
